रामपुर बुशहर – रामपुर क्षेत्र में आस्था के अहम प्रतीक चतरखंड देवता साहिब का जन्मदिन गुरुवार को बड़े जोश के साथ मनाया गया। हजारों की तादाद में लोगों ने ब्रांदली पहुंचकर देवता का आशीर्वाद लिया। साथ ही चतरखंड देवता ने अपने जन्मदिवस पर गूर के माध्यम से वर्षभर की भविष्यवाणी की, जिसमें बेहतर फसल और अच्छी बर्फबारी की उम्मीद बताई। यह सुनकर किसानों और बागवानों के चेहरे खिल गए। काफी समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों को यह खबर राहत लेकर आई कि उनके आराध्य ने इस बार अच्छी बर्फबारी का साफ संकेत दे दिए है। रामपुर उपमंडल की नरैण पंचायत के तहत आने वाले ब्रांदली गांव में गुरुवार को पंचवीर चतरखंड देवता का जन्मदिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शरीक होने के लिए रामपुर उपमंडल के विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या मे श्रद्धालुओं के जुटने का दौर सुबह से ही आरंभ हो गया था, जो दिन भर जारी रहा। गुरूवार को पंचवीर चत्तरखंड देवता साहिब के समक्ष हजारों लोग नतमस्तक हुए और देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। जानकारी के अनुसार पंचवीर चत्तरखंड देवता साहिब के जन्मदिवस को मनाने की परंपरा दशकों से चली आ रही है। देव आस्था से जुड़े लोगों मे देवता के प्रति गहरी आस्था देखी जाती है। स्थानीय ग्रामीण, रिश्तेदार व दूरदराज से आए लोगों को भी देवता साहिब का जन्मदिन मनाने का बेसब्री से इंतजार रहता है। आस्था है कि उनके जन्मदिवस के मौके पर मंदिर परिसर में हाजिरी भरने वालों के जीवन में सुख शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। देवता पंचवीर भी अपने भक्तों को निराश नहीं करते और उन्हें जमकर अपना शुभ आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
कई दशकों से मनाया जा रहा देवता
क्षेत्र के इंद्रजीत, संदीप भलूनी, विकास जिंटा, रोनी चौहान, देवेंद्र पौंड, बनिता, शबनम, बबिता भलूनी, पूजा, अनिता, सुरेखा, नरोतम दासी, सपना और वंदना सहित कई अन्य श्रद्धालुओं ने कहा कि पंचवीर चत्तरखंड देवता साहिब का जन्मदिवस कई दशकों से मंदिर परिसर में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस मौके पर दूर-दूर से आकर रात को ही मंदिर परिसर में जुटने शुरू हो जाते हैं और देवता का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रो की धुनों पर दिनभर नाटियों का दौर चलता है।
The post बेहतर बर्फ-अच्छी फसल का वरदान appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment