मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, आज और कल भी बारिश-बर्फबारी
शिमला-जिला शिमला फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। बारिश व बर्फबारी के बाद जिला के तापमान में और गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने के बाद जिला में कडाके की ठंड पड़ रही है। जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है, जबकि शिमला का तापमान शून्य डिग्री में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जिला में आगामी दिनों के दौरान भी बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जिला के लोगों को आगामी दिनों के दौरान प्रचंड ठंड की मार झेलनी पड़ सकती है। जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सोमवार को बर्फबारी हुई है, जबकि जिला के निचले क्षेत्रों में दिन भर बारिश होती रही। बारिश व बर्फबारी के बाद अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। शिमला का अधिकतम तापमान लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसमें बीते रविवार के मुकाबले दो डिग्री की गिरावट आई है। वहीं, शिमला का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्र्री में दर्ज किया गया है। शिमला का पारा 0.8 डिग्री चल रहा है। कुफरी, नारकंडा, चौपाल खडापत्थर और रोहडू में तापमान माइनस डिग्री में आंका गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से जिला में सुबह व शाम के समय कडाके की ठंड पड़ रही है।
जिला में आज के लिए भी अलर्ट जारी
जिला शिमला में आज भी भारी बारिश व बर्फबारी होगी। मौसम विभाग ने जिला में भारी बारिश व बर्फबारी के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत जिला में आठ जनवरी को भी अनेक स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। जिला में 10 जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि जिला में 11 व 12 जनवरी को फिर से बारिश व बर्फबारी होगी।
The post शिमला का तापमान 0.8 डिग्री appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment