Tuesday, September 3, 2019

राठौर की नई टीम का खाका तैयार

ब्लॉक में लगाए पर्यवेक्षकों ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को सौंपी रिपोर्ट, नियुक्तियों से पहले शर्तों पर होगी बात

 शिमला -कांग्रेस पार्टी की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए टीम राठौर का खाका तैयार हो गया है। ब्लॉक में लगाए गए पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है, जिसके बाद अब नियुक्तियों का दौर चलेगा। अहम बात यह है कि ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले खुद कुलदीप सिंह राठौर उनसे बात करेंगे और कुछ शर्तें उनके आगे रखी जाएंगी। ये शर्तें संगठन चलाने की दृष्टि से होंगी, जिसे जरूरी माना जा रहा है। पहली बार कांग्रेस में इस तरह की प्रक्रिया चल रही है, जिससे नेता मानते हैं कि आने वाले समय में कांग्रेस मजबूती के साथ उभरेगी। अभी तक कांग्रेस में सिफारिशों पर ही औहदे दिए जाते थे, लेकिन यह चलन समाप्त किया जा रहा है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने हर ब्लॉक में पर्यवेक्षकों की नियुक्तियां की थीं, जिन्होंने वहां जाकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से बात की। इतना ही नहीं, क्षेत्र के नेताओं के साथ भी इस सिलसिले में बातचीत हुई है। अब देखना यह है कि इस पूरी प्रक्रिया से निकलकर कौन लोग सामने आते हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर नियुक्त किए जाने वाले ब्लॉक अध्यक्षों को चरणबद्ध ढंग से शिमला बुलाएंगे। उनसे बातचीत की जाएगी और उनका तजुर्बा देखा जाएगा। वह संगठन को आगे बढ़ाने के लिए क्या सोच रखते हैं और उनकी सोच से क्या फायदा हो सकता है, यह देखा जाएगा। उनके क्षेत्र में कांग्रेस अभी तक किस स्थिति में है, जिसे उभारने के लिए वहां क्या किया जाना चाहिए या फिर इससे पहले कमियां क्या रही हैं, इन सभी मुद्दों पर इनसे बात की जाएगी। पूरी बातचीत करने के बाद ही इन्हें नियुक्ति पत्र कांग्रेस पार्टी द्वारा सौंपा जाएगा, जो आगे अपनी कार्यकारिणी बनाएंगे। कार्यकारिणी बनाने के लिए क्या फार्मूला रहेगा, यह भी बाद में तय किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हारी थी, जिसके बाद जरूरत है कि संगठन नए सिरे से खड़ा किया जाए। कांगे्रस के खिलाफ भाजपा जैसा बड़ा संगठन है, जिससे मुकाबला वर्तमान परिस्थितियों में काफी कठिन है। इस दौर में यहां संगठन को कैसे मजबूत किया जा सकेगा, यह देखना होगा। टीम राठौर में नियुक्तियों का दौर बुधवार से शुरू होना संभावित है। अभी कांग्रेस के सामने दो उपचुनाव भी हैं, जिससे पहले नया संगठन खड़ा किए जाने की चुनौती है।

The post राठौर की नई टीम का खाका तैयार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/09/%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%a0%e0%a5%8c%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%a8%e0%a4%88-%e0%a4%9f%e0%a5%80%e0%a4%ae-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%96%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%a4%e0%a5%88%e0%a4%af/

No comments:

Post a Comment