Saturday, August 3, 2019

चीड़ की पत्तियों-लैंटाना का इस्तेमाल करें सीमेंट उद्योग

 अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी धीमान बोले   ईंधन की कुल लागत का 0.1 बढ़ाकर करेंगे एक प्रतिशत

 शिमला —सीमेंट उद्योग चीड़ की पत्तियों और लैंटाना से बनी ब्रीकेट्स/पैलेट्स को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए आगे आएं। यह बात अतिरिक्त मुख्य सचिव (पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) आरडी धीमान ने शुक्रवार को प्रदेश में स्थित सीमेंट उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कही। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जंगलों को आग से बचाने के लिए चीड़ की पत्तियों पर आधारित उद्योग स्थापित करने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान राशि देने के लिए पिछले वर्ष एक योजना आरंभ की है। इस साल सरकार ने कुल 25 लघु उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जिनमें दो उद्योगों की स्थापना की जा चुकी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सीमेंट उद्योगों में ईंधन की कुल लागत का 0.1 प्रतिशत भाग बायोमास (जिसमें चीड़ की पत्तियां एवं लैंटाना और आरडीएफ शामिल हैं), को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने का प्रावधान बढ़ाकर एक प्रतिशत कर दिया जाएगा। पर्यावरण विभाग शीघ्र ही इस संदर्भ में आदेश जारी करेगा। इस निर्णय से प्रदेश में चीड़ की पत्तियों जैसे अत्यंत ज्वलनशील एवं लैंटाना जैसे बायोमास का इस्तेमाल हो सकेगा, जो अमूल्य वन संपदा को आग से बचाने में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही लैंटाना ग्रसित क्षेत्रों का भी सुधार हो सकेगा तथा इन क्षेत्रों में चरागाहों व वनों को पुनः स्थापित करने में मदद मिलेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चीड़ की पत्तियों और लैंटाना के आधार पर स्थापित किए जा रहे लघु उद्योगों में बनाए जा रहे ब्रीकेट्स/पैलेट्स को सीमेंट उद्योग ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए दस रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। आईआईटी, मंडी की सहायक प्रवक्ता डा. आरती कश्यप ने ब्रीकेट्स/ पैलेट्स पर हुए अनुसंधान के बारे में कहा कि अनुसंधान के अनुसार चीड़ व लैंटाना की पत्तियों की ऊष्मीय ऊर्जा उद्योगों में ईंधन के लिए उपयुक्त पाई गई है।

लैंटाना आधारित उद्योगों को भी मिले सबसिडी

बैठक में सुझाव दिया गया कि चीड़ की पत्तियों पर आधारित लघु उद्योग की स्थापना के लिए दिए जा रहे 50 प्रतिशत अनुदान की योजना का लाभ लैंटाना पर आधारित उद्योगों को भी मिलना चाहिए। आरडी धीमान ने कहा कि इस बारे में शीघ्र ही वन विभाग से मामला उठाया जाएगा। बैठक के दौरान विधायक होशियार सिंह ने भी सुझाव दिए और लैंटाना से बने ब्रीकेट्स/ पैलेट्स के सैंपल भी दिखाए।

The post चीड़ की पत्तियों-लैंटाना का इस्तेमाल करें सीमेंट उद्योग appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/08/%e0%a4%9a%e0%a5%80%e0%a4%a1%e0%a4%bc-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%b2%e0%a5%88%e0%a4%82%e0%a4%9f%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a4%be/

No comments:

Post a Comment