नई दिल्ली में विश्व बैंक की शाखा इंटरनेशनल फाइनेंस कारपोरेशन के पदाधिकारियों से मिले अतिरिक्त मुख्य सचिव और अधिकारी
शिमला —राज्य सरकार ने विश्व बैंक की शाखा इंटरनेशनल फाइनेंस कारपोरेशन (आईएफसी) को हिमाचल में पर्यटन, विद्युत और आवास जैसी विभिन्न परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी की अगवाई में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर आईएफसी के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। डा. बाल्दी ने आईएफसी प्रतिनिधियों को अवगत करवाया कि राज्य ने अपना भूमि बैंक बनाया है और प्रदेश में विभिन्न प्रकार के उद्योग स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने आईएफसी को राज्य में सस्ती आवास परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया, जिसके लिए हिमुडा के पास भी विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इसी तरह, पर्यटन क्षेत्र में भी रिजॉर्ट्स और स्कीइंग स्थल विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिमला जिले के चांशल में स्कीइंग के लिए एक महत्त्वाकांक्षी परियोजना प्रस्तावित की है। प्रदेश में विद्युत दोहन की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं, जिसके लिए आईएफसी को राज्य में इन परियोजनाओं में निवेश करने पर विचार करना चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) मनोज कुमार, प्रधान आवासीय आयुक्त संजय कुंडू तथा उप आवासीय आयुक्त विवेक महाजन भी उपस्थित थे। आईएफसी के प्रतिनिधियों विक्रम सिंह, नीरज गुप्ता तथा प्रतिभा बजाज ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ चर्चा की तथा आश्वासन दिया कि वे ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट से पहले हिमाचल सरकार द्वारा चंडीगढ़ में आयोजित किए जा रहे रोड-शो में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त वह इस साल नवंबर माह में धर्मशाला में आयोजित होने वाले निवेशक सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
ब्राजील के राजदूत को इन्वेस्टर मीट को बुलावा
शिमला। अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, उपआवासीय आयुक्त विवेक महाजन और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत में ब्राजील के राजदूत आंद्रे अरानहा कोरीएंडो लागो से मुलाकात की। ब्राजील एवं भारत में अनेक समानताएं होने के कारण निवेश की अपार संभावनाओं के बारे चर्चा की। मनोज कुमार ने ब्राजील के राजदूत को सात-आठ नवंबर को धर्मशाला में होने वाली इन्वेस्टर मीट में आने का न्योता दिया। उन्होंने ब्राजील के राज्यों तथा हिमाचल प्रदेश के बीच आपसी सहयोग का करार करने व हिमाचल में निवेश की संभावना वाले अनेक क्षेत्रों बारे जानकारी दी।
The post आईएफसी को निवेश के लिए न्योता appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/08/%e0%a4%86%e0%a4%88%e0%a4%8f%e0%a4%ab%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%b5%e0%a5%87%e0%a4%b6-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%8f-%e0%a4%a8%e0%a5%8d%e0%a4%af/
No comments:
Post a Comment