खेलकूद परिषद की बैठक में बोले कुलपति, बजट में 15 लाख रुपए बढ़ोतरी
शिमला -हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों व अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। एचपीयू में हजारों की संख्या में पढ़ रहे छात्र न केवल शिक्षा, अपितु खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें, इसके लिए एचपीयू हरसभंव प्रयास करेगा। एचपीयू के कुलपति आचार्य सिकंदर कुमार ने कहा है कि विश्वविद्यालय के खेल व अन्य पाठ्येतर गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 15 लाख रुपए की वृद्धि की गई है। विश्वविद्यालय में शुक्रवार को खेलकूद परिषद की 48वीं वार्षिक बैठक के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्यों और शारीरिक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर तथा इससे संबद्ध निजी व सरकारी कालेजों में खेलकूद-गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वर्तमान 40 लाख में 15 लाख की वृद्धि कर इसे 55 लाख किया गया है। उन्होंने दोहराया कि महाविद्यालयों को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में पेश आ रही दिक्कतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्यों को इन समस्याओं के हल के लिए पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में चार नए छात्रावास 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जाएंगे। इस बैठक में अधिष्ठाता अध्ययन आचार्य अरविंद कालिया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य कमलजीत सिंह, डा. गोपाल दास्टा-अध्यक्ष एचपीयू अन्य पाठ्येतर गतिविधियां परिषद, निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम आचार्य सुरेंद्र कुमार शर्मा, सचिव, एचपीयू अन्य पाठ्येतर गतिविधियां परिषद, डा. हरि सिंह-सहायक निदेशक, विश्वविद्यालय परिसर एवं कोषाध्यक्ष, पाठ्यतर गतिविधियां परिषद के अतिरिक्त कालेजों के प्राचार्य तथा शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक उपस्थित थे।
कालेजों को सम्मान
एचपीयू कुलपति सिकंदर कुमार ने श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय ऊना, महिला वर्ग में एमएलएसएम सुंदरनगर, जवाहर लाल नेहरू कालेज ऑफ फाइन आर्ट को युवा उत्सव में ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफियां प्रदान की। इसके अतिरिक्त कुलपति ने पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर को खो-खो, ऊना को जूडो और महिला वर्ग में वेट लिफ्टिंग में राजकीय महाविद्यालय ढलियारा को ट्राफियां प्रदान कीं।
The post शिक्षा के साथ खेलों में भी चमकेगी एचपीयू appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/08/%e0%a4%b6%e0%a4%bf%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a5-%e0%a4%96%e0%a5%87%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ad%e0%a5%80-2/
No comments:
Post a Comment