ठियोग— नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम रंग लाने लगी है। पुलिस जगह-जगह नाकाबंदी कर ड्रग तस्करों को दबोच रही है। शिमला पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। इसके तहत पुलिस ने ठियोग के देहा में करीब पौने दो किलोग्राम चरस पकड़ी है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी पकड़े हैं, जो कि दोनों हरियाणा के रहने वाले हैं। ठियोग तहसील के देहा में पुलिस और नारकोटिक्स विंग की सुंयक्त टीम ने भारी मात्रा में चरस बरामद की है। यह चरस देहा में नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम पुलिस तथा नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने देहा में नाकाबंदी की थी। इस दौरान वहां एक इंडिगो कार नंबर एचआर 37सी 6829 को तलाशी के लिए रोका गया। पुलिस को इस कार से एक किलो 725 ग्राम चरस बरामद की गई है। कार में तीन लोग सवार थे। इनकी पहचान प्रमोद, विनोद,व सुरेंद्र निवासी वाल्मीकि बस्ती अंबाला हरियाणा के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें ठियोग लाया गया है। पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसको डिलीवर किया जाना था। माना जा रहा है कि आरोपी इस चरस को बाहर ले जाने की फिराक में थे, लेकिन वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उल्लेखनीय है कि हिमाचल पुलिस ने नशे के खिलाफ 100 दिन का एक विशेष अभियान छेड़ रखा है। यह अभियान बीते 19 जनवरी से शुरू किया गया है, जो कि आगामी 28 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलेगा। इसके लिए सभी जिलों में टास्क फोर्स बनाई गई है। अब तक पुलिस पूरे राज्य में करीब 62 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर चुकी है।
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
Post a Comment