Friday, May 12, 2017

पीएचडी प्रवेश परीक्षा में धांधली का आरोप

शिमला — हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में होने वाली पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया आयोजित होने से पहले ही सवालों में घिर गई है। विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रवेश परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र अपने विभागों में शिक्षकों से तैयार करवाने पर परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। यहां तककि इन तैयार प्रश्न पत्रों से अपने चहेतों को प्रवेश में लाभ शिक्षकों द्वारा दिए जाने तक के आरोप भी विवि एसएफआई  ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लगाए हैं। गुरुवार को विश्वविद्यालय में आयोजित एसएफआई की प्रेस वार्ता में इकाई सचिव नोबल ठाकुर ने विवि प्रशासन पर पीएचडी प्रवेश परीक्षा में धांधली और अपने चहेतों को लाभ देने का आरोप लगाया है। उन्होंने विवि प्रशासन को शक के घेरे में खड़ा करते हुए कहा कि विवि की इस प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है। प्रवेश परीक्षा के लिए विवि बाहरी विश्वविद्यालयों से प्रश्न पत्र तैयार न करवाकर इन्हें विवि के अपने विभागों में ही तैयार करवा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय के विभागों में ही तैयार किए जा रहे प्रश्न पत्रों में शिक्षक किसी छात्र संगठन से जुड़े या फिर किसी पार्टी विशेष के पदों पर तैनात हैं। ऐस में इन्हीं के द्वारा तैयार प्रश्न पत्रों में गोपनीयता और पारदर्शिता दोनों ही खतरे में हैं। प्रेस वार्ता में एसएफआई ने विश्वविद्यालय पूर्व में हुए फर्जीबाड़ों का खुलासा करते हुए इस बात का हवाला दिया है कि जब पहले विश्वविद्यालय में इस तरह के फर्जीबाड़े परीक्षाओं और फर्जी मार्क्सशीट को लेकर हो चुके हैं, तो पीएचडी प्रवेश में इस तरह की गलतियां विवि क्यों दोहरा रहा है। नोबल ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि पांच मई 2012 को विवि के विधि विभाग में इंटरनल परीक्षा के दौरान फर्जी आंसरशीट के साथ विशेष छात्र संगठन के छात्रों को रंगे हाथ पकड़ा, जिसमें कुछ शिक्षक   भी संलिप्त थे। इसी वर्ष विवि में एमटीए विभाग में छह छात्रों को बिना परीक्षा ही पास करना, साल 2014 में एक छात्र को बिना परीक्षा बीए तृतीय वर्ष में अच्छे अंकों के पास करने जैसे फर्जीबाड़े उजागर हो चुके हैं। इन बातों को ध्यान में रखकर एसएफआई ने पीएचडी प्रश्न पत्र बाहरी विषय विशेषज्ञों से सेट करवाने की मांग की है। एसएफआई ने मांग की है कि यह कार्य भी विवि परीक्षा नियंत्रक की निगरानी में होना चाहिए।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment