सोलन — फलों के सीजन ने सोलन शहर की चिंताएं बढ़ा दी हैं। जान जोखिम में डालकर रेहड़ी-फड़ी मालिक फलों की बिक्री सोलन में कर रहे हैं। फल सीजन लगते ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेहड़ी-फड़ी वालों के अवैध कब्जे भी शुरू हो गए हैं। शहर भर में विभिन्न स्थानों पर दर्जनों अवैध रेहडि़यां सज गई हैं, जो कि आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी हैं। हैरत की बात तो यह है कि प्रशासन द्वारा दिनों दिन सज रही अवैध रेहड़ी-फड़ी मालिकों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से फड़ी लगाने के लिए इनके हौसले और भी बुलंद हो रहे हैं। फल सीजन शुरू होते ही सोलन शहर में इसकी बिक्री बागबानों द्वारा की जा रही है। इसके अलावा कई लोगों द्वारा इसकी बिक्री के लिए अवैध फडि़यां भी सजाई गई हैं, जो कि आम लोगों के लिए तो परेशानी बन रहा हैं। साथ ही एनएच किनारे सड़क दुर्घटना का साया भी उनके सर पर हमेशा मंडरा रहा है। फिर भी सोलन स्थित बाइपास, चंबाघाट तथा सपरून में दर्जनों फड़ी धारक जान जोखिम में डालकर फलों की बिक्री कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर रेहडि़यां उन स्थानों पर सजाई गई हैं, जहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। शहर के बाइपास, चंबाघाट तथा सपरून में जिन स्थानों पर रेहडि़यां सजाई गई हैं, उक्त स्थानों पर दर्जनों सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा आधा दर्जन के करीब लोगों की जान भी जा चुकी है। फिर भी इन घटनाओं से अंजान रेहड़ी मालिकों द्वारा फल सीजन में एनएच पर अवैध रूप फड़ी लगाकर फल बेचे जा रहे हैं। उधर, नगर परिषद सोलन अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने बताया कि शहर में अवैध रेहड़ी-फडी वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। पूर्व में भी नगर परिषद ने शहर में इनको उठाने के लिए कार्रवाई की थी। आगामी समय में भी जिला प्रशासन सहित लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस के साथ मिलकर इसके खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो सके।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%b8%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a4%a8-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b8%e0%a4%9c-%e0%a4%97%e0%a4%88%e0%a4%82-%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b9%e0%a4%a1%e0%a4%bf%e0%a4%bc%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%82/
Post a Comment