Sunday, June 30, 2013

गहनों संग राशन लूटा


बिलासपुर — शहर में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो दुकानों में चोरी कर लाखों रुपए की लूटपाट को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन देर रात हुई इन वारदातों से शहर में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि चोरों ने गुरुद्वारा मार्केट में एक सुनार की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने व चांदी आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। वहीं दूसरी ओर चोरों ने इसी रात लखनपुर में स्थित एक किराना की दुकान में भी राशन व नकदी पर हाथ मारा है। गुरुद्वारा मार्केट में सुनार की दुकान करने वाले कस्तूरी दास गोपाल दास की दुकान मालिक के मुताबिक चोर दुकान से करीब अढ़ाई किलोग्राम चांदी और चालीस ग्राम सोने की आभूषण ले गए। अहम बात यह है कि चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज रिकार्डर को भी अपने साथ ले गए। दुकान मालिक ने बताया कि चोरों ने दुकान के ताले तोड़ने के बजाय ताला लगाने वाली कुंडी को तोड़ा और सेंटर लॉक वाली जगह को किसी रॉड से उठाकर दुकान का शटर खोला है। उधर, चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दुकान मालिक से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए खोजी कुत्तों की मदद भी ली है। वहीं दूसरी ओर चोरों ने विकास खंड कार्यालय के पास स्थित गौरव मेहता की किराना दुकान का ताला तोड़ कर दो हजार रुपए नकद, राशन व चांदी की मूर्ति चुरा ले गए है। इस बारे में थाना सदर प्रभारी डीएसपी प्रोबेशनर प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस ने चोरी के बारे में मौके पर बारीकी से जांच की है तथा उनके हाथ अहम सुराग लगे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/bilaspur-news/%e0%a4%97%e0%a4%b9%e0%a4%a8%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%97-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b6%e0%a4%a8-%e0%a4%b2%e0%a5%82%e0%a4%9f%e0%a4%be/

No comments:

Post a Comment