Sunday, June 30, 2013

संजौली से ढली के बीच कब तैयार होगा फुटपाथ


संजौली ढली — संजौली से ढली तक आम जनता व व्यवसायियों की बार-बार मांग पर भी प्रशासन पैदल चलने का मार्ग निर्धारित नहीं कर पाया है। पिछले कई वर्षों से प्रशासन की अनदेखी आज हर वर्ग पर भारी पड़ने लगी है। पैदल मार्ग निर्धारित न होने के चलते रोजाना इस मार्ग पर हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। प्रशासन की अनदेखी के चलते स्कूली छात्रों, महिलाओं और बुजुर्गों को वाहनों के खौफ से सहमे-सहमे गुजरना पड़ रहा है। संजौली में शहर की 40 प्रतिशत आबादी रहती है। ऐसे में रोजाना सैकड़ों लोग उक्त क्षेत्र से शहर की ओर आते हैं, लेकिन पैदल चलने का मार्ग निर्धारित न होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर ही उक्त क्षेत्र की भीड़ वाली सड़कों से गुजरना पड़ रहा है। संजौली-ढली मार्ग पर पहले भी कई मर्तबा फराटे से चल रही बसों व छोटे वाहनों की चपेट में आने से अनहोनी घटनाएं पेश आ चुकी हैं। स्कूलों को आते-जाते समय कई छात्र भी वाहनों की चपेट में आने से दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। संजौली की महिलाओं का कहना है कि दिन भर जब तक बच्चे घर नहीं लौट आते, तब तक उनकी सुरक्षा की चिंता लगी रहती है, लेकिन प्रशासन इस ओर आंखें मूंदे हुए बैठा है। प्रशासन शायद किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में है, जबकि संजौली की आम जनता सहित व्यावसायी व पार्षदगण संजौली से ढली तक पैदल चलने योग्य मार्ग निर्धारित करने की मांग प्रशासन के समक्ष रख चुके हैं। संजौली में पैदल चलने योग्य मार्ग की कमी के साथ-साथ सड़कों पर पार्क वाहन भी जनता भी परेशानी का सबब बन गए हैं। पहले ही सड़क पर सैकडों वाहनों की आवाजाही रहती है, उस पर मार्ग पर जगह-जगह पार्क किए गए वाहनों की वजह से लोगों को पैदल चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%9c%e0%a5%8c%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%a2%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a5%80%e0%a4%9a-%e0%a4%95%e0%a4%ac-%e0%a4%a4%e0%a5%88%e0%a4%af/

No comments:

Post a Comment