सूरज की तपिश ने निचोड़ डाला ऊना


ऊना — जिला ऊना में आसमान से लगातार आग बरस रही है। गर्मी का कहर बदस्तूर जारी है। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अधिकतम पारे में एक डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, लेकिन न्यूनतम पारा पांच डिग्री बढ़कर 25.6 डिग्री पर पहुंच गया। इससे तपिश में हुई बढ़ोतरी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। प्रशासन ने नौनिहालों को गर्मी की तपिश से बचाने के लिए स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की समयसारिणी में परिवर्तन किया है। गर्मी ने पूरे जिला में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। जिला के कई स्थानों पर बिजली व पानी का संकट खड़ा हो गया है। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में बिजली के कटों ने गर्मी के मौसम में लोगों की दिक्कतों को बढ़ा दिया। वहीं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ती कोहडरा से तुतड़ू तक 17 ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट बुरी तरह गहरा गया है। यहां पर बिजली की सुचारू सप्लाई न होने से भी पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। गगरेट नगर पंचायत के तीन वार्डों में पिछले सात दिनों से पानी की आपूर्ति सुचारू ढंग से नहीं हो पा रही है। मात्र दस से 15 मिनट तक पेयजल आपूर्ति से आमजन को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। लोगों ने आईपीएच विभाग केकार्यालय के समक्ष मटका फोड़ प्रदर्शन करने की चेतावनी तक दे डाली है। गर्मी के चलते सड़कें सुनसान हो गई हैं। रविवार को गर्मी के चलते बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। गर्मी के चलते सड़कों पर सन्नाटा छा गया है। दिन के समय लू चल रही है, जिसकी चपेट में आने से सैकड़ों लोग बीमार पड़ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना जिला आयुर्वेदिक अस्पताल, निजी व सरकारी अस्पतालों में रोजाना भारी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। बुखार, पीलिया, डायरिया के रोगियों की संख्या में एकदम इजाफा हुआ है। पिछले दस दिनों से पारे में लगातार उछाल आया है। गर्मी बढ़ने से लोगों का दोपहर को बाहर निकल पाना तक दूभर हो गया है। दोपहर को सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं, वहीं बाजार भी सूने पड़ गए हैं। दिन के समय मुख्य मार्गों पर इक्का-दुक्का दोपहिया वाहन ही नजर आ रहे हैं। तेज हवाओं व लू के चलने के कारण दोपहिया वाहन चलाना दूभर हो चुका है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए गन्ने का रस, जूस, स्कवेश तथा नींबू पानी का भी सहारा ले रहे हैं। तरबूज, खरबूज, खीरे तथा तरों की बिक्री भी बढ़ी है। इस बार तीव्र गर्मी का सामना क्षेत्रवासियों को करना पड़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक सूरज की तपिश यूं ही बनी रहने के आसार हैं। सहायक मौसम अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि ऊना में रविवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता ई. हरिंद्र भारद्वाज ने कहा कि कुछ स्थानों से पेयजल की आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें आई हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह पर बिजली की आपूर्ति बार-बार बाधित होने के कारण भी पानी की परोपर पंपिंग न हो पाने के कारण वितरण में दिक्ततें आ रही हैं।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/una-news/%e0%a4%b8%e0%a5%82%e0%a4%b0%e0%a4%9c-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%a4%e0%a4%aa%e0%a4%bf%e0%a4%b6-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%9a%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc-%e0%a4%a1%e0%a4%be%e0%a4%b2/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews