Thursday, January 2, 2020

पहले बारिश गिरेगी, फिर बर्फ

शिमला-जिला शिमला में आज से मौसम कडे तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने जिला शिमला के अनेक स्थानों पर गुरुवार को बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई है। जिला में उक्त क्रम शुक्रवार को भी जारी रहेगा। तीन जनवरी को जिला के कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। पांच जनवरी को जिला में मौसम साफ बना रहेगा, जबकि जिला में छह व सात जनवरी को फिर से अनेक स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। जिला शिमला में बुधवार को मौसम के मिजाज बदले नजर आए। दिन भर आसमान में काले बादल घिरे रहे। हालांकि दिन के समय हल्की धूप भी खिली, मगर आसमान में बादलोें के घिरने और शीतलहरों के प्रवाह से शिमला में दिन के समय भी ठंड का एहसास हुआ। बादलों के घिरने से शिमला के अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अगर स्टीक बैठते हैं तो जिला में आगामी दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। जिला के न्यूनतम तापमान में पहले से ही गिरावट चल रही है। शिमला में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है। ऐसे में जिला में कडाके की ठंड पड़ रही है। जिला के कुफरी, नारकंड़ा, खडापत्थर सहित रोहडू व चौपाल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया तापमान

जिला शिमला में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम दर्ज किया जा गया है। तापमान में गिरावट आने से जनता को प्रचंड ठंड की मार झेलनी पड़ रही है।

 

The post पहले बारिश गिरेगी, फिर बर्फ appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

No comments:

Post a Comment