बाहरी राज्य की निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी ने प्रदेश के वोल्वो बस आपरेटरों की नींद उड़ाई
मनाली – पर्यटन सीजन के समाप्त होने के बाद जहां मनाली में सैलानियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं बाहरी राज्यों की ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने हिमाचल के पर्यटन क्षेत्रों के लिए चलाई जाने वाली वोल्वो बसों के किरायों में भारी कटौती करते हुए प्रदेश के निजी वोल्वो बस आपरेटरों को झटका दे डाला है। बाहरी राज्यों की ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा बसों के किरायों में की गई कटौती से एचआरटीसी को भी रोजाना लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में मनाली सुपर लग्जरी वोल्वो ऑनर एसोसिएशन ने इस मुद्दे को उठाते हुए बाहरी राज्य की एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के खिलाफ जांच की मांग प्रशासन से कर डाली है। एसोसिएशन की चेयरमैन लाजवंती शर्मा व सचिव आनंत ठाकुर ने बताया कि मनाली में समर सीजन के समाप्त होने के बाद जहां घाटी में सैलानियों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं वोल्वो बसों के कारोबार पर भी इसका असर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि ऑफ सीजन के चलते मनाली से दिल्ली चलने वाली निजी वोल्वो बसों का किराया भी आपरेटरों द्वारा कम किया गया है, लेकिन बाहरी राज्यों की कुछ ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने तो किराया इतना कम कर दिया है कि वह समझ से परे है। उन्होंने बताया कि इन में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी तो ऐसी है, जो ऑनलाइन बसों की टिकट बुकिंग तो कर रही है, लेकिन किराया इतना कम है कि उस किराए पर बस चलाना भी मुश्किल है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जहां एचआरटीसी की वोल्वो बस में मनाली से दिल्ली का किराया 1700 रुपए लिया जा रहा है, वहीं निजी वोल्वो बसो में 1200 रुपए लिया जा रहा है, लेकिन बाहरी राज्य की उक्त निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा दिल्ली से मनाली का वोल्वो बस का किराया मात्र 450 रुपए, जबकि मनाली से दिल्ली का किराया 600 रुपए लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाल्वो बस को मनाली से दिल्ली पहुंचाने का खर्च की करीब 40 से 50 हजार रुपए रोजाना आता है। मनाली सुपर लग्जरी वोल्वो ऑनर एसोसिएशन ने यह मामला प्रशासन के ध्यान में लाया है और उक्त कंपनी की जांच की मांग की है। मनाली सुपर लग्जरी वोल्वो ऑनर एसोसिएशन की चेयरमैन लाजवंती शर्मा का कहना है कि इसी तरह उक्त कंपनी दिल्ली से धर्मशाला का किराया भी 500 रुपए ले रही है और शिमला का 400 रुपए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के निजी वोल्वो बस आपरेटरों को तो नुकसान उठाना ही पड़ रहा है, लेकिन बाहरी राज्य की उक्त निजी ट्रांस्पोर्ट कंपनी की बजह से एचआरटीसी को भी रोजाना लाखों रुपयों का झटका लग रहा है। उधर, आरएम कुल्लू डीके नारंग का कहना है कि मीडिया के माध्यम से उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। निगम प्रबंध को इस बारे में अवगत करवाया जाएगा। संबंधित कंपनी के प्रबंधकों से इस संबंध में बात की जाएगी और मामले की जांच की मांग निगम प्रबंधन के समक्ष रखी जाएगी।
बुकिंग कैंसिल करवा रहे सैलानी
आधे से भी कम किराए पर दिल्ली से मनाली व मनाली से दिल्ली पहुंचने को लेकर जहां सैलानी अन्य निजी व एचआरटीसी की वोल्वो बसों की अपनी बुकिंग कैंसिल करवा रहे हैं, वहीं मनाली में इसका असर साफ देखने को मिल रहा है। यहां निजी वोल्वो बसें अधिकतर खाली ही दिल्ली रवाना हो रही हैं। सैलानी सस्ते किराए वाली वोल्वो बसों में सफर कर रहे हैं। निगम की बसों की हालत भी कुछ ऐसी ही है।
The post 450 रुपए में दिल्ली से मनाली पहुंच रहे सैलानी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/08/450-%e0%a4%b0%e0%a5%81%e0%a4%aa%e0%a4%8f-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%aa/
No comments:
Post a Comment