Thursday, August 1, 2019

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के मुसाफिर

शिमला – प्रदेश में होने वाले दो उपचुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा ने भितरी खाते तैयारियां शुरू कर दी हैं। गत दिनों कांग्रेस की धर्मशाला में हुई बैठक में पूर्व मंत्री सुधार शर्मा को फिर से मैदान में उतारने की चर्चा हुई है। अब पच्छाद सीट पर कांग्रेस विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर पर दांव खेलने की सोच रही है। हालांकि अभी तक इस मसले पर कांग्रेस ने कोई बैठक नहीं की, लेकिन अंदर खाते मुसाफिर को ही उपचुनाव में टिकट देने की लाबिंग शुरू हो गई है। मुसाफिर 2012 से लेकर 2017 तक लगातार दो चुनाव हारते आए हैं। उन्हें भाजपा के सुरेश कश्यप ने पराजित किया था। दूसरी तरफ भाजपा इस बार पच्छाद से एक युवा को मैदान में उतार सकती है। बताया जा रहा है कि उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद कांग्रेस धर्मशाला और पच्छाद से प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। उल्लेखनीय है कि धर्मशाला सीट पर 2017 के चुनाव में भाजपा के किशन कपूर ने कांग्रेस के सुधीर शर्मा को पराजित किया था। इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने अभी तक किसी भी चेहरे पर चर्चा नहीं की है। हालांकि विद्यार्थी परिषद से जुडे़ पूर्व छात्र नेता उमेश दत्त शर्मा का नाम चल रहा है, लेकिन टिकट का फैसला पार्टी हाइकमान करेगा। बता दें कि धर्मशाला सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सुधीर शर्मा को भाजपा के किशन कपूर ने 2997 मतों से पराजित किया था। किशन कपूर को कुल 26 हजार 50 और सुधीर शर्मा को 23 हजार 53 वोट पड़े थे। इसी तरह पच्छाद में कांग्रेस के गंगूराम मुसाफिर भाजपा के सुरेश कश्यप से छह हजार चार सौ मतों से हारे थे। मुसाफिर को कुल 23 हजार 816 वोट पड़े, जबकि सुरेश कश्यप को 30 हजार 243 मत पड़े थे।

कुलदीप राठौर की परीक्षा लेंगे उपचुनाव

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था। कांग्रेस को प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में लीड नहीं मिल पाई। भले ही कांग्रेस धर्मशाला और पच्छाद में उपचुनाव की तैयारी में जुट गई हो, मगर यहां भाजपा को टक्कर देने के लिए चुनौतियां कम नहीं हैं। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के लिए दो उपचुनाव चुनौतियों से कम नहीं हैं। उनकी अध्यक्षता में कांग्रेस इस बार के लोकसभा चुनाव में खाता तक नहीं खोल पाई। ऐसे में उपचुनाव राठौर की परीक्षा लेंगे।

The post पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के मुसाफिर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/08/%e0%a4%aa%e0%a4%9a%e0%a5%8d%e0%a4%9b%e0%a4%be%e0%a4%a6-%e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%a7%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a4%b8%e0%a4%ad%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a5%87%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%b0-2/

No comments:

Post a Comment