Show your support

Wednesday, April 3, 2013

रोटरी खर्चेगी पौने आठ करोड़

पालमपुर — पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन की प्रबंधन कमेटी की बैठक मंगलवार को चेयरमैन डा. शिव कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें रोटरी आई फाउंडेशन पालमपुर के वर्ष 2013-14 के लिए बजट पर चर्चा की गई। फाउंडेशन के चेयरमैन डा. शिव कुमार ने बताया कि बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के लिए 7.74 करोड़ रुपए का बजट पारित किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन करोड़ रुपए वेतन इत्यादि पर व्यय होंगे, जबकि एक करोड़ रुपए मारंडा, परागपुर व धुसाड़ा आई अस्पतालों में नए उपकरण खरीदने के लिए व्यय होंगे। दवाइयां एवं लैंस आदि खरीदने के लिए दो करोड़ रुपए की राशि आबंटित की गई है। डा. शिव कुमार ने बताया कि रोटरी आई फाउंडेशन द्वारा स्थापित तीनों अस्पतालों में पिछले वित्तीय वर्ष 2012-13 में 1.20 लाख मरीज आए और 9640 के लगभग आईओएल आपरेशन व 1840 के लगभग अन्य आपरेशन किए गए। इनमें से मारंडा में ही केवल 81716 मरीज आए और 9319 के आपरेशन किए गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मारंडा एकमात्र अस्पताल है, जहां पर रैटीना संबंधी बीमारियों का उपचार किया जाता है और पिछले वर्ष रैटीना के 290 आपरेशन किए गए। इसके अतिरिक्त मारंडा अस्पताल ने प्रदेश के जिला किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, ऊना, कांगड़ा, शिमला के दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल वैन द्वारा 15 कैंप लगाए, जहां लगभग 8365 मरीजों की आंखों की जांच की गई व 783 आपरेशन भी किए। डा. शिव कुमार ने बताया कि इंग्लैंड में रह रहे योगिंदर पाल सूद ने आई अस्पताल के लिए रायपुर टी इस्टेट में पांच कनाल भूमि भवन निर्माण के लिए दान स्वरूप फाउंडेशन को दी है।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%9f%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%96%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%9a%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a5%8c%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%86%e0%a4%a0-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8b/

No comments:

Post a Comment