Show your support

Friday, June 21, 2013

पिछड़े क्षेत्रों का बजट बढ़ेगा

मंडी— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूर्व धूमल सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में पिछड़े क्षेत्रों के विकास की अनदेखी की गई और पिछड़ा क्षेत्र विकास योजना के लिए आबंटित बजट को कम कर दिया, लेकिन वर्तमान सरकार इस बजट को फिर से बढ़ाएगी। सराज विधानसभा क्षेत्र के भाटकीधार में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सराज क्षेत्र के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यहां तक कि इस क्षेत्र में ग्रामीण विकास मंत्री पद पर रहते वर्तमान भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने भी अपने क्षेत्र के विकास को कोई तवज्जो नहीं दी। पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में मात्र ठेकेदार ही पैदा किए ,जिनके पास काम का कोई अनुभव ही नहीं था। उन्होंने कहा कि ऐसे ठेकेदारों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। यही नहीं, धूमल सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े उद्योग लगाए गए, लेकिन उनमें हिमाचली बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिला। प्रदेश में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन गई है, जिसके निवारण के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक महत्त्वाकांक्षी योजनाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि 12वीं पास बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मुहैया करवाने के उद्देश्य से सरकार ने कौशल विकास भत्ता देने का निर्णय लिया है। वह प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह व यूपीए चीफ सोनिया गांधी के साथ-साथ प्रदेश की जनता के आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें छठी बार मुख्यमंत्री बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस एक ऐतिहासिक पार्टी है, जिसका स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश व प्रदेश के विकास में भरपूर योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सबकी रक्षा करना उनका राजधर्म है। भाजपा नेता नारे देकर प्रदेश के लोगों की एकता व उनकी भावना को तोड़ने का प्रयास करते रहे हैं।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-top-news/%e0%a4%aa%e0%a4%bf%e0%a4%9b%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a5%87%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%ac%e0%a4%9c%e0%a4%9f-%e0%a4%ac/

No comments:

Post a Comment