महंगाई के खिलाफ गरजी महिला कांग्रेस

जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना, आलू-प्याज की मालाएं गले में डालकर सरकार के खिलाफ लगाए नारे

शिमला-बढ़ती महंगाई के खिलाफ सोमवार को राजधानी शिमला में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में आलू व प्याज की मालाएं डालकर महंगाई का विरोध जताया। विपक्ष में रहते हुए भाजपा भी इस तरह से प्रदर्शन करती थी और आज स्थिति विपरीत है, जिसमें कांग्रेस सड़कों पर उतरी हुई है। महिला कांग्रेस की वर्कर ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से डीसी कार्यालय तक जोरदार नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने किया। महिलाओं ने आलू प्याज की मालाएं गले मंे डाल सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने बढ़ती महंगाई के लिए सरकार को कोसते हुए कहा कि इसकी गलत नीतियों के चलते आज देश को बहुत बुरा दौर देखना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार अपना खजाना भरने में लगी है। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का जीना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ आलू, प्याज, दालों व आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं तो दूसरी तरफ सरकार बिजली, पानी व अन्य करों के बोझ से लोगों को दबा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड 19 के चलते सरकार ने प्रदेश के लोगों को कोई भी राहत नहीं दी। जैनब ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी के लिए इनकी संवेदना खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार जमाखोरी को बढ़ावा दे रही है।  सरकार का किसी भी चीज़ पर कोई नियंत्रण नहीं है। सबकुछ राम भरोसे चल रहा है। महिला कांग्रेस ने डीसी के माध्यम से एक ज्ञापन भी दिया। इस प्रदर्शन में शांता राजटा,शशि ठाकुर,कविता कंवर, विनीता वर्मा,ऊषा मेहता,पुष्पा शोभटा, सरिता चंदेल,विमला ठाकुर,सत्या वर्मा,राकेश रानी,उर्मिला नागु, रेणु बज्वाडि़या, अनु मराठा,ऊषा तोमर, गोदावरी चंदेल,पूनम ठाकुर,कौंरा वर्मा,कंचन, नीलम ठाकुर, पूनम ठाकुर,निर्मला वर्मा, मीरा, राजकवल, शारदा ठाकुर,शारदा शर्मा, उमा मुदलियार, कृष्णा, सीमा कौशल, बबली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थी।

The post महंगाई के खिलाफ गरजी महिला कांग्रेस appeared first on Divya Himachal.

Post a Comment