बसपा सांसद का पुतला फूंका


नालागढ़ — राष्ट्रीय गीत के अपमान से गुस्साए यूथ अगेंस्ट क्रप्शन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बसपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का नालागढ़ शहर के बाबा बर्फानी चौक पर पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यूथ अगे्रंस्ट क्रप्शन के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सांसद को संसद से बर्खास्त किया जाए। यूथ अगेंस्ट क्रप्शन के इस विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, एबीवीपी कार्यकर्ता, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, नालागढ़ भाजपा मंडल ने सहयोग दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक राकेश शर्मा, यूथ अगेंस्ट क्रप्शन के प्रांत सह संयोजक गगनदीप शर्मा, जोगिंद्र लवली, वरदान भट्ट, मास्टर खमिंद्र राणा, जितेश, राजन, अमन शर्मा, नालागढ़ भाजपा मंडलाध्यक्ष टेकचंद, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट धर्मेंद्र राणा, बलविंद्र बिंदु आदि उपस्थित थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक राकेश शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा सांसद ने यह कृत्य प्रथम बार नहीं, अपितु सांसद पहले भी वंदेमातरम् को गलत ठहरा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हद तो तब हो गई, जब सांसद ने लोकतंत्र के पवित्र मंदिर संसद सभा में राष्ट्रीय गीत का अपमान किया। इसका विरोध जताते हुए एबीवीपी का भ्रष्टाचार विरोधी मंच यूथ अगेंस्ट क्रप्शन के प्रांत सह संयोजक गगनदीप शर्मा ने कहा कि सांसद द्वारा राष्ट्रीय गीत का अपमान करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय केवल इन कुछ जयचंदों की वजह से बदनाम है, जबकि क्रांतिकारी उश्फाकुल्ला खां जैसे वीर वंदेमातरम का उद्घोष कहते हुए फांसी पर चढ़े थे। उन्होंने कहा कि भारत माता देश के हर व्यक्ति के लिए पूजनीय है और कोई धर्म देश व समाज से बड़ा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि यदि भारत में रहना है तो वंदेमातरम् कहना ही होगा और जिसको इससे परहेज है, वह देश छोड़कर चला जाए।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%ac%e0%a4%b8%e0%a4%aa%e0%a4%be-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%b8%e0%a4%a6-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%a4%e0%a4%b2%e0%a4%be-%e0%a4%ab%e0%a5%82%e0%a4%82%e0%a4%95%e0%a4%be/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews