कौशल्या में पानी घटा, परवाणू पर आफत


परवाणू — कौशल्या नदी में घट रहे पानी के स्तर ने परवाणू शहर पर पानी के संकट को बढ़ा दिया है। लोगों को अब तक रोजाना मिल रहे साढे़ छह लाख गैलन पानी को तीसरे दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। हिमुडा प्रशासन भी नदी के घटते जल स्तर को लेकर काफी असमंजस की स्थिति में है। शहर के लिए पानी के एकमात्र स्त्रोत से पानी गायब होने की चिंता में प्रशासन भी उल्टे दिन गिन रहा है। नदी में पानी के कम होने पर हिमुडा के पास भी शहर की जनता के लिए सप्लाई को कम करने के अतिरिक्त ओर कोई विकल्प नहीं बचेगा। पानी की कमी से बचने के लिए परवाणू की जनता को अब केवल इंद्रदेव के रहमोकरम पर रहना होगा। क्षेत्र की ऊंची पहाडि़यों पर अगर बादल बरसते है तो कौशल्या में पानी का स्तर पहले की तरह हो जाएगा। फिलहाल बारिश की संभावना इलाके में कम ही नजर आ रही है। परवाणू को इस साल की गर्मी में पानी की किल्लत का सामना करना ही होगा। इसका मुख्य कारण हिमुडा प्रशासन की स्वयं की खामियां भी हैं। हिमुडा की ओर से शहर के सेक्टर-चार के लिए पानी की सप्लाई योजना के लिए 44 लाख रुपए के बजट को पिछले एक साल से स्वीकृत किया गया है। लाखों के इस बजट से सेक्टर-चार में भूमिगत जल को निकालकर घरों तक सप्लाई करने की योजना है। हिमुडा की यह योजना पिछले साल की तरह इस साल भी सिरे नहीं चढ़ पाई है। योजना के शुरू न होने के पीछे कारण जो भी रहे हों। हिमुडा यदि योजना पर समय रहते कार्य कर पाता तो इस बार गर्मियों में परवाणू के जल उपभोक्ताओं को संकट की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। हिमुडा को जल्द प्रयास करते हुए इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरूआत करनी होगी। इससे अगले वर्ष तक लोगों को पानी की बेहतर सुविधा मिल पाएगी। विभागीय अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि कौशल्या नदी में गर्मी के कारण पानी का स्तर कम होने लगा है। हालांकि अब तक शहर को जरूरत के अनुसार रोजाना पानी सप्लाई किया जा रहा है। नदी के पानी में ओर अधिक कमी आने पर शहर की वितरण व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%95%e0%a5%8c%e0%a4%b6%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%98%e0%a4%9f%e0%a4%be-%e0%a4%aa%e0%a4%b0%e0%a4%b5%e0%a4%be/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews