डीएस ठाकुर चंबा के सरदार


चंबा, सिहुंता — जिला भाजपा अध्यक्ष चंबा के पद पर सहमति बनाने के लिए आखिरकार पार्टी हाइकमान को हस्तक्षेप करना ही पड़ा। हाइकमान के आदेशों पर गुरुवार को भाजपा औद्योगिक प्रकोष्ठ के राज्य उपाध्यक्ष डीएस ठाकुर की जिला अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी कर दी गई है। भटियात विधानसभा क्षेत्र के हटली में गुरुवार को यह प्रक्रिया संपन्न हुई है। मिली जानकारी के अनुसार जिला भाजपा अध्यक्ष पद के लिए तीन नेता दौड़ में थे। गत दिनों चंबा स्थित परिधिगृह में पहली मर्तबा आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद पर चार नेता दौड़ में थे। इस दौरान कार्यकारी जिला अध्यक्ष जिया लाल कपूर द्वारा दावेदारी से हट जाने के बाद तीन नेता रह गए थे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। लिहाजा चुनाव प्रभारी ने उस दौरान चुराह मंडल के सक्रिय सदस्यों की सूची न होने का हवाला देकर इस प्रक्रिया को टाल दिया। हाइकमान के पास पहंुची पूरी स्थिति के बाद जारी हुई आदेशों के तहत ही डीएस ठाकुर की जिला अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी की गई है। सूत्रों का कहना है कि हाइकमान के आदेशों के बाद गुरुवार को हटली में चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई। इस दौरान चुनाव प्रभारी विपिन सिंह परमार समेत पार्टी के अन्य वरिश्ठ नेता भी मौजूद रहे। अलबत्ता चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा मंडल भरमौर की ओर से डीएस ठाकुर के नाम का प्रस्ताव रखा गया। जिस पर सभी मंडलों ने सहमति जताते हुए सर्वसम्मति ने उनकी अध्यक्ष पद पर तैनाती कर दी गई। अहम है कि गुरुवार को संपन्न हुई इस प्रक्रिया में जिला के न तो मौजूदा भाजपा विधायकों ने उपस्थिति दर्ज करवाई और न ही पूर्व विधायकों ने। हालांकि पार्टी का कहना है कि दिल्ली में विधायकों की बैठक होने के चलते चुराह के हंस राज और भटियात के विक्रम जरियाल प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले पाए, जबकि रेणु चड्डा और विधायक बीके चौहान के आने के पीछे की वजह आवश्यक कार्य बताया जा रहा है। बहरहाल जिला चंबा भाजपा अध्यक्ष पद पर किसी एक नेता पर सहमति न बनने के कारण अततः हाइकमान को हस्तक्षेप करना ही पड़ा।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%a1%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%b8-%e0%a4%a0%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a5%81%e0%a4%b0-%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a4%be%e0%a4%b0/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews