प्रदेश में बड़े फेरबदल की तैयारी

विभागीय अध्यक्षों के साथ बदले जाएंगे प्रबंध निदेशक

शिमला – आला स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करने के बाद अब सरकार विभागीय स्तर पर भी फेरबदल की तैयारी में है। अबकी बार विभागाध्यक्षों को बदले जाने के साथ प्रबंध निदेशकों का नंबर लगेगा। सत्ता में आने के बाद इस स्तर पर फेरबदल नहीं किया गया है, परंतु इन अधिकारियों के कामकाज का भी आकलन हुआ है। क्योंकि मुख्य सचिव के बदलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कई समीकरण बदले हैं, लिहाजा अब निचले स्तर पर फेरबदल की तैयारी चल रही है। यहां बता दें कि बोर्ड व निगमों में भी प्रबंध निदेशकों को अभी तक नहीं बदला गया है, जबकि सरकार को 10 माह का कार्यकाल हो चला है। ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि अभी तक सरकार ने बोर्डों व निगमों में व्यापक तौर पर राजनीतिक तैनातियां नहीं की थीं। नवरात्र में 10 नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष लगाए गए, जिनको बोर्ड व निगम भी सौंप दिए हैं। ऐसे में अब इनकी पसंद का भी सरकार ध्यान रखेगी। नए राजनेता अपनी-अपनी पसंद का अधिकारी भी चाहेंगे क्योंकि उन्हें भी अपनी परफॉर्मेंस दिखानी है। साथ ही सामजस्य के साथ काम करवाने के लिए भी ये जरूरी होगा। इसलिए उनकी पसंद के साथ अफसरों की परफॉर्मेंस के आंकलन के आधार पर अब फेरबदल संभव है। बता दें कि अगले सप्ताह प्रशासनिक तौर पर निचले स्तर का ये फेरबदल संभव है। सभी नए बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सोमवार से सुचारू रूप से अपना कामकाज संभाल लेंगे जिसके बाद वहां पर व्यवस्थाएं भी बदल जाएंगी। बता दें कि एचएएस काडर में अभी तक सरकार ने उतना फेरबदल नहीं किया है और कई दिनों से इसे लेकर भी चर्चाएं चल रही है। नए मुख्य सचिव के बनने के बाद अभी एचएएस काडर में कोई तबदीली नहीं की गई है, लिहाजा यह भी संभव है।

अध्यक्षों के कामकाज से कई मंत्री असंतुष्ट

कुछ विभागों के विभागाध्यक्षों को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आई हैं। विभागीय मंत्री उनके कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए माना जा रहा है कि सभी की राय को शामिल करके इस स्तर पर सरकार प्रशासनिक फेरबदल को जल्द अंजाम देगी।

मंत्रियों के महकमों में किया जाएगा बदलाव

शिमला – जयराम सरकार के मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होगा। परफार्मेंस के आधार पर कुछ मंत्रियों को नए विभाग मिलेंगे। इसके अलावा कुछ मंत्रियों को मलाईदार महकमों से वंचित होना पड़ेगा। इसके लिए केंद्रीय हाइकमान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हरी झंडी दे दी है। पुख्ता सूचना के अनुसार इस फेरबदल के आधार पर कई मंत्रियों का आपसी टकराव कम करने की कवायद है। इसी बहाने विवादित महकमों को ही बदले जाने की संभावना है। जाहिर है कि नवरात्र के अवसर पर एक साथ 10 अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की ताजपोशी कर मुख्यमंत्री जयराम ने कड़े फैसले लेने के संकेत दिए हैं। इसी फेहरिस्त में अब मंत्रियों के विभागों को बदला जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। इसके लिए प्रशासनिक सचिवों से 10 माह की सरकार की उपलब्धियों का चार्ट बनाया गया है। इसके अलावा विभागों के विवादित मुद्दों का भी अलग से खाका बनाया गया है। बताते चलें कि कुछ मंत्रियों का अपने विभागीय सचिवों के साथ तालमेल कम है। कई मंत्री अपने विभागों का भार उठाने में असमर्थ हैं। इसी फेहरिस्त में कई मंत्री अपने विभागों को चलाने में असफल साबित हुए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने कई बार मोर्चा संभालकर अपने मंत्रियों की साख को बचाया है। विधानसभा सत्र के दौरान जयराम ठाकुर ने कई बार लड़खड़ाते मंत्रियों को सहारा देकर सरकार का मजबूती से पक्ष रखा है। पहले 10 माह के कार्यकाल में चुनौतियों से रू-ब-रू हुई सरकार का पक्ष रखने में जयराम के वजीर फेल हुए हैं। इन मौकों पर भी मुख्यमंत्री ने खुद फ्रंट फुट पर खेलकर सरकार को चुनौतियों से बाहर निकाला है। लिहाजा अब परफार्मेंस के आधार पर मंत्रियों को उनकी कार्यक्षमता के अनुसार ही विभाग देने की तैयारी है। चर्चा है कि कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्रों के मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं।

सीएम के पास शिकायतें

बताया यह भी जा रहा है कि कई मंत्रियों के खिलाफ विभागीय शिकायतें भी हैं, जिनमें कर्मचारी नेताओं ने भी सीएम तक बातें पहुंचाई हैं। इतना ही नहीं, भाजपा से जुड़े संगठन और आरएसएस भी गाहे-बगाहे मंत्रियों को लेकर मुख्यमंत्री तक बातें पहुंचाने में लगे हैं। सभी को सुनने के बाद अब मंत्रियों की परफार्मेंस का आकलन शुरू हो रहा है, जिसमें कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल संभव है।

 

The post प्रदेश में बड़े फेरबदल की तैयारी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a5%87%e0%a4%b6-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%87-%e0%a4%ab%e0%a5%87%e0%a4%b0%e0%a4%ac%e0%a4%a6%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a5%80/

Post a Comment