धूमल के भ्रष्टाचार से कर्ज में डूबा प्रदेश


जोगिंद्रनगर, चौंतड़ा —प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूर्व धूमल सरकार पर प्रदेश का सरकारी खजाना खाली करने और प्रदेश को 33 हजार करोड़ के कर्र्जे में डुबोने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री और उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में संलिप्त रहा है। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लडभड़ोल, तलकेहड़, लोअर चौंतड़ा, योरा, दारट बगला, भराड़ू व रोपा पद्धर में पार्टी प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि जब वह केंद्र में थे तो उस समय धूमल प्रदेश में उन पर झूठे मुकदमे बनाने में व्यस्त थे और सरकार ने सारी मशीनरी उनके खिलाफ लगा रखी थी, जिसके लिए उन्होंने केंद्र से त्यागपत्र दिया और अपने ऊपर बनाए गए झूठे मामलों का सामना किया और न्यायालय ने उन्हें बाइज्जत बरी किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के लोगों के सदैव आभारी रहेंगे, जिन्होंने उन्हें छठी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लोगों को जोड़ने की कोशिश की, जबकि भाजपा ने लोगों को तोड़ने की। उन्होेंने कहा कि प्रदश्े में भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड टूटे हैं। जोगिंद्रनगर क्षेत्र में सड़कों की खस्ताहालत से साफ है कि स्थानीय भाजपा नेता ने भी क्षेत्र के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने जाते-जाते प्रदेश में 17 कालेज खोले जिनमें लडभड़ोल का भी कालेज ऐसा है, जिसके लिए न तो समुचित भवन के लिए व्यवस्था थी और न ही अध्यापकों की। उन्होंने कहा कि वह इस क्षेत्र में नए सिरे से कालेज खोलेंगे। उन्होंने कहा कि जहां-जहां आवश्यक होगा, सरकार समुचित व्यवस्था कर शिक्षण संस्थानों को खोलेगी। वीरभद्र सिंह ने कहा कि जोगिंद्रनगर क्षेत्र में छोटी रेललाइन है, जिसे बड़ी लाइन करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में स्थापित किए जाने वाले उद्योगों एवं पन बिजली परियोजनाओं में प्रदेश के 70 प्रतिशत लोगों के रोजगार को सुनिश्चित किया जाएगा। वीरभद्र सिंह ने लोगों से 23 जून को होने वाले मतदान में पार्टी प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सुधीर शर्मा, जगजीवन पाल, यादविंद्र गोमा के अतिरिक्त पार्टी के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-top-news/%e0%a4%a7%e0%a5%82%e0%a4%ae%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%ad%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%b7%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a4%be%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8d-2/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews