भाषण मंत्री हैं प्रो. धूमल


भुंतर — सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा के नेता किसी भी मेहनती व्यक्ति की प्रसिद्धि से जलते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भाषणमंत्री करार देते हुए कहा है कि वह वीरभद्र सिंह के छठी बार मुख्यमंत्री बनने पर यह कहते फिर रहे हैं कि कांग्रेस के पास कोई दूसरा व्यक्ति नहीं है जो मेहनती और समर्पित वीरभद्र सिंह के प्रति उनकी जलन और घृणा को दर्शा रहे हैं। उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए प्रचार करने पहुंची विद्या स्टोक्स ने कुल्लू जिला के बशौणा में जनसभा को संबोधित करते भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले बोल महिलाओं के साथ धोखा करने के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने रक्षाबंधन और भैया दूज पर महिलाओं को मात्र छुट्टी देकर इमोशनली ब्लैकमेल किया और बाकी कुछ भी नहीं किया। उपचुनाव प्रचार के साथ भाजपा और कांग्रेस नेता का एक दूसरे पर बयानबाजी का दौर चरम पर पहुंचने लगा है। गत दिनों भाजपा नेताओं ने प्रतिभा पर वार करते हुए कहा था कि वह केवल रामपुर में विकास करती हैं और बाकी स्थानों पर खुश्की रखती हैं। इसी के जवाब में विद्या स्टोक्स ने धूमल को घेरते हुए कहा कि उन्होंने अपने राज में हमीरपुर को तो तर कर दिया, लेकिन बाकी हिमाचल में खुश्की रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समान विकास में भरोसा करती है और हर वर्ग के दुख दर्द को समझती है। उन्होंने धूमल को भाषणमंत्री की उपमा देकर यह तक कह डाला कि वे भाषणों से जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राग अलाप रही है कि कांग्रेस ने सत्ता में आते ही 1800 करोड़ का कर्ज लिया है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा प्रदेश को 26 हजार करोड़ का कर्ज सौंप कंगाल कर गई थी तो सरकार को चलाने के लिए कर्ज लेना उनकी मजबूरी थी। उन्होंने पूर्व वन मंत्री खीमी राम पर भी हमला बोल कहा कि वे अपने घर के पास भी लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दिला पाए और उनसे दूर चले गए। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में कांग्रेस की जीत पक्की है। इस दौरान कांग्रेस के ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सचिव विरेंद्र सूद, पीसीसी सदस्य सुंदर ठाकुर, सोलन कांग्रेस प्रभारी राहुल ठाकुर सहित अन्य नेता भी साथ रहे।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%b7%e0%a4%a3-%e0%a4%ae%e0%a4%82%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%b9%e0%a5%88%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%8b-%e0%a4%a7%e0%a5%82%e0%a4%ae%e0%a4%b2/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews