त्रिलोक को चौथी बार सरदारी


शिमला—त्रिलोक ठाकुर को हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी संघ (अराजपत्रित) का अध्यक्ष चुना गया है। लगातार चौथी बार उन्होंने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर नया रिकार्ड बनाया है। चुनाव में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सुरेंद्र मनकोटिया गुट को तगड़ा झटका लगा है। उनके अध्यक्ष पद सहित अन्य पदों पर खड़े प्रत्याशी हार गए हैं। वर्ष 2005-07 तक गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के राज्य अध्यक्ष भी रह चुके त्रिलोक ठाकुर ने मनकोटिया गुट को करारा झटका दिया है। बुधवार को निदेशालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के चुनाव में उन्होंने दीपराम शर्मा को करारी शिकस्त दी। उन्होंने 170 मत हासिल किए, जबकि उनके विपक्ष में खड़े दीपराम शर्मा को 133 मत से ही संतोष करना पड़ा। दीपराम शर्मा जिला शिमला इकाई के अध्यक्ष हैं, इसके चलते पद पर पहले कड़ा मुकाबला माना जा रहा था। चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र चौहान ने 180 मत लेकर जीत हासिल की है। इस पद पर खड़े ओपी मेहता को 104 मत ही मिले। उपाध्यक्ष पद पर विक्रम सिंह ठाकुर को चुना गया है। उन्होंने चुनाव में 180 मत हासिल किए, जबकि नंद लाल ठाकुर 124 मत ही हासिल कर पाए। महासचिव पद पर रविंद्र मेहता ने 143 मत प्राप्त कर जीत हासिल की है। नरेंद्र ठाकुर को 132 मत ही प्राप्त हुए। सहसचिव पद पर राजेंद्र तपवाल ने 204 मत हासिल कर जीत हासिल की है। इस पद पर हेमलता को 101 वोट ही प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर राजेश खाची ने 175 मत हासिल कर जीत प्राप्त की है। बिजा राम को 127 मतों से ही संतोष करना पड़ा। संगठन सचिव राजेंद्र नेगी को चुना गया। उन्होंने 106 मत हासिल किए। अरविंद राज्टा को 101 मत ही प्राप्त हुए। शिक्षा निदेशालय में सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम तीन बजे तक चलता रहा। इसके बाद मतों की गिनती शुरू हुई। देर शाम करीब पौने आठ बजे परिणाम घोषित किए गए। चुनाव पर्यवेक्षकसदाराम सांख्यान ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%9a%e0%a5%8c%e0%a4%a5%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a4%be%e0%a4%b0/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews