Show your support

Tuesday, May 14, 2013

अर्की अस्पताल का प्रांगण बना पार्किंग


अर्की — एफआरयू अर्की का प्रांगण निजी वाहनों का पार्किंग स्थल बनकर रह गया है। हालांकि अस्पताल के प्रांगण में एंबुलेंस तथा 108 सेवा के अलावा केवल स्टाफ के वाहनों को खड़ा करने की अनुमति है, परंतु इसके अतिरिक्त अधिकतर अनाधिकृत वाहन प्रांगण में खड़े रहते हैं। अर्की में जहां गाड़ी खड़ी करना एक समस्या बनता जा रहा है, वहीं लोग वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पताल जैसी जगहों पर भी अपना वाहन खड़ा करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। अकसर अस्पताल का प्रांगण ऐसे अनाधिकृत वाहनों से भरा रहता है। कई बार ऐसा होता है कि मरीज को लेकर आई गाड़ी को भी वहां खड़े होने का स्थान नहीं मिल पाता। कई बार एंबुलेंस सेवा को भी इस स्थिति का सामना करना पड़ता है। हालांकि अस्पताल प्रशासन द्वारा ऐसे वाहनों के लिए चेतावनी का बोर्ड भी लगाया गया है, जिसमें ऐसे अनाधिकृत वाहनों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, परंतु वाहन मालिकों को इसकी जरा भी परवाह महसूस नहीं होती। इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डा. एसएल वर्मा से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्होंने तीन महीने पहले प्रशासन व पुलिस को इस बारे में लिखा था, जिस पर पुलिस द्वारा इन वाहनों पर कार्रवाई की गई थी, परंतु अब फिर से यह वाहन प्रांगण में खड़े किए जा रहे हैं। दूसरी ओर थाना प्रभारी अर्की हरिभगत नेगी का कहना था कि पुलिस ने ऐसे वाहनों पर पहले कार्रवाई की थी, परंतु लगातार ऐसे वाहनों पर नजर रखना संभव नहीं है। अस्पताल प्रशासन को इसके लिए एक चौकीदार की व्यवस्था करनी चाहिए, जो कि अनाधिकृत वाहनों को अंदर पार्किंग करने से रोके।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%85%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%85%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%aa%e0%a4%a4%e0%a4%be%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%a3/

No comments:

Post a Comment