बेटे की शहादत पर मां को फख्र


नाहन — जिला सिरमौर के शिलाई विकास खंड के बांदली गांव के बुजुर्ग मेहर सिंह व अमर सिंह ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें अपने पोते की अर्थी को कंधा देना पड़ेगा। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में पाक की गोलाबारी में शहीद हुए बांदली गांव के सपूत श्याम सिंह के दादा अमर सिंह व मेहर सिंह तथा दादी जमनी देवी व मेहदी देवी को ढाढस बंधाना मुश्किल हो रहा है। चारों बुजुर्गों का कहना है कि भगवान ने पोते की मृत्यु से पहले उन्हें क्यों मौत नहीं दी। शहीद शाम सिंह की पत्नी गुप्ता देवी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि तीन माह पूर्व जिसके साथ उसने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर जीने मरने की कसमें खाई थीं। वह तीन माह बाद ही उसे बीच मझधार में छोड़ कर चला जाएगा। भले ही शहीद श्याम सिंह की मौत पर समूचा शिलाई क्षेत्र गमगीन है, लेकिन शहीद की मां कमलादेवी का कहना है कि उसे अपने बेटे की मौत पर गर्व है कि वह देश के काम आया। रूंधे स्वर में कमला देवी ने बताया कि श्याम सिंह ने देश के लिए कुर्बानी देकर मां के दूध का कर्ज चुकाया है। शहीद की माता का कहना है कि वह देश के लिए दूसरे बेटों की कुर्बानी भी दे सकती है। बेटे की शहादत पर श्याम सिंह के पिता प्रताप सिंह की आंखों से आंसू बरबस ही छलक रहे हैं। वहीं शहीद श्याम सिंह के भाई दलीप सिंह व दिनेश का कहना है कि आज उनका घर संसार मानों उजड़ सा गया है। शहीद की बहन सरीता का कहना है कि जिस भाई की लंबी उम्र के लिए हर वर्ष राखी बांधती थी आज वह भी काम नहीं आया। गौर हो कि बांदली गांव के शहीद हुए श्याम सिंह चार भाई बहनों में सबसे छोटा था। गुरुवार देररात को श्याम सिंह की मौत की सूचना फोन पर उसके चाचा इंद्र सिंह को मिली, लेकिन उसने समझदारी का परिचय देते हुए शहीद की माता-पिता, दादा-दादी तथा पत्नी को नहीं बताया। केवल गांव के कुछ लोगों को बताया। समूचा गांव शोक में डूब गया। शनिवार को शहीद श्याम सिंह का पार्थिव शरीर सुबह 11ः30 बजे नाहन पहुंचा तथा देर शाम को उसके पैतृक गांव बांदली में पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-top-news/%e0%a4%ac%e0%a5%87%e0%a4%9f%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b6%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%a6%e0%a4%a4-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%ab%e0%a4%96%e0%a5%8d/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews