मलबे तले दबे दो मजदूर


साहो — कस्बे की रजींड़ू पंचायत में निर्माणाधीन हाइडल प्रोजेक्ट में गुरुवार दोपहर बाद हुए भू-स्खलन की जद में आकर नेपाली मूल के दो मजूदर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद सहयोगियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उपचाराधीन दोनों मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक इस संदर्भ में पुलिस में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रोजेक्ट साइट में कंपनी ठेकेदार की लेबर निर्माण कार्य में जुटी हुई थी। इसी दौरान अचानक उपर पहाड़ी से भू-स्खलन का दौर आरंभ हो गया और वहां काम कर रहे करण व दीपक मलबे की चपेट में आकर दब गए। इनके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायल करण व दीपक को वाहन में डालकर चंबा भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रोजेक्ट कंपनी के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में उपचाराधीन करण व दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, प्रोजेक्ट कंपनी के इंचार्ज विनीत विज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल मजदूर ठेकेदार की लेबर के थे। उन्होंने बताया कि घायल मजदूरों को कंपनी व ठेकेदार की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%ae%e0%a4%b2%e0%a4%ac%e0%a5%87-%e0%a4%a4%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%a6%e0%a4%ac%e0%a5%87-%e0%a4%a6%e0%a5%8b-%e0%a4%ae%e0%a4%9c%e0%a4%a6%e0%a5%82%e0%a4%b0/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews