बहाल होंगे मिड परियोजना से हटाए कर्मी


बिलासपुर — पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिड हिमालय परियोजना से हटाए गए दैनिकभोगी कर्मचारी पुनः बहाल होंगे। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नियुक्त किए गए इन कर्मियों को बाहर किए जाने पर वनमंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया है। वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने मिड हिमालय परियोजना के आला अधिकारियों को भाजपा सरकार द्वारा बाहर किए गए कर्मचारियों को पुनः बहाली के साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। वनमंत्री द्वारा जारी आदेशों के मुताबिक इन कर्मचारियों की जगह की गई भर्ती की पूरी जांच होगी। जांच के दौरान यदि कोई कर्मचारी की नियमानुसार नियुक्ति नहीं पाई जाती है तो उन्हें तुरंत बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिलासपुर जिला में स्थित मध्य हिमालय परियोजना में एक दर्जन के करीब नियुक्तियां हुई थीं, जिन्हें भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद बाहर का रास्ता दिखा दिया। इनकी जगह पर नए कर्मचारियों की भर्ती कर दी गई। रविवार को बिलासपुर पहुंचे वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी के समक्ष जब यह मामला उठा तो उन्होंने तुरंत आला अधिकारियों को तलब कर पूरे मामले की जानकारी हासिल की। ठाकुर सिंह भरमौरी ने इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर बाहर किए गए सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से दोबारा नियुक्त करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों को निकाले जाने पर फटकार भी लगाई तथा साथ ही ये निर्देश भी दिए कि भाजपा सरकार के समय सिफारिश पर लगाए गए कर्मचारियों को तुरंत बाहर किया जाए। ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने लोगों को भर्ती करने के लिए कई गरीब लोगों से रोजगार छीन लिया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में भारी धांध्लियां हुई हैं तथा पिछले दरवाजे से अपने चहेतों की नियुक्तियां की गई हैं। इस मसले की जांच करवाई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय रखे गए कर्मचारियों को पुनः बहाली दी जाएगी तथा सिफारिश पर नौकरी प्राप्त करने वालों को निकाला जाएगा।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%b2-%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%a1-%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a4%af-%e0%a4%aa%e0%a4%b0%e0%a4%bf/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews