‘प्रोफेशनल’ भिखारियों को ‘नौकरी’ से निकालेगा मकलोडगंज

मकलोडगंज — शहर में भिखारियों के खिलाफ व्यापार मंडल मकलोडगंज सहित तमाम संस्थाओं ने मोर्चा खोल दिया है। पर्यटकों से पैसों के बजाय खाने-पीने का सामान ऐंठने और इस सामान को पुनः आधे दाम पर बेचने वाले इन भिखारियों को शहर से खदेड़ने को लेकर शहर की तमाम व्यावसायिक संस्थाओं ने पोस्टर अभियान चालाया है। प्रोफेशनल भिखारियों की असलियत को उजागर करने वाले इस पोसटर के माध्यम से व्यापार मंडल सहित टैक्सी यूनियन, होटलियर्ज एसोसिएशन, ऑटो रिक्शा यूनियन, टैकर्ज एसोसिएशन एवं भारत-तिब्बत मैत्री संघ ने पर्यटकों से भिखारियों को भीख न देने की अपील की है। तमाम दुकानों पर बांटे गए इस अपील पत्र में शहर की उस शर्मनाक स्थिति को भी उजागर किया है, जिसमें मकलोडगंज के ही कुछ दुकानदार भिखारियों से आधे दाम में चावल, दूध जैसी चीजों को देख रहे हैं। हालांकि शहर से भिखारियों को खदेड़ने के लिए व्यापार मंडल मकलोडगंज ने पुलिस से भी गुहार लगाई है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पठानिया ने साफ किया है कि मकलोडगंज में भिखारियों की बढ़ती संख्या के चलते जहां पर्यटकों के साथ छीनाझपटी एवं लूट की वारदातों की संख्या में वृद्धि हो रही है, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मकलोडगंज की छवि पर भी धब्बा लग रहा है। उल्लेखनीय है कि मकलोडगंज में प्रोफेशनल भिखारियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। फर्राटेदार अंगे्रजी बोलने वाले ये भिखारी विदेशी पर्यटकों से भीख मांगने के साथ छीनाझपटी की वारदातों को अंजाम देते आए हैं। इसके अलावा इन भिखारियों पर बतौर सहानुभूति विदेशियों से पैसों की जगह चावल, दाल, पाउडर, दूध इत्यादि खरीदवाने एवं बाद में इन चीजों को वापस आधे दाम में बेचने के भी आरोप लगते आए हैं, वहीं क्षेत्र के व्यवसायी वर्ग का मानना है कि ये भिखारी रात के समय चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते आए हैं। लिहाजा भिखारियों के खिलाफ इस पोस्टर में मकलोडगंज की तमाम व्यावसायिक संस्थाओं ने पर्यटकों से इन भिखारियों को भीख न देने की मांग के साथ पुलिस से भिखारियों को शहर से खदेड़ने की अपील की है।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%ab%e0%a5%87%e0%a4%b6%e0%a4%a8%e0%a4%b2-%e0%a4%ad%e0%a4%bf%e0%a4%96%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews