नौनिहालों को बनाएं संस्कारी

नादौन — जन सूचना एवं संपर्क विभाग हमीरपुर के सौजन्य से नादौन के संस्कृति सदन में नशे की प्रवृत्ति पर लोगों को जागरूक करने बारे एक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज सेवी संस्था ब्रिलियंट क्लब सहित शहर के प्रमुख लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला भाषा अधिकारी त्रिलोक सूर्यवंशी ने कहा कि इस विषय पर विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्तरों पर कई जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय पर हमें अपनी मानसिकताओं तथा रहन सहन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अभिभावकों द्वारा बच्चों को अच्छे संस्कार देने चाहिए और बच्चों की जरूरतों तथा इच्छाओं पर भी विशेष ध्यान देने के साथ अधिक से अधिक समय व्यतीत करना चाहिए। वहीं इसके साथ-साथ बच्चों की हर गतिविधि पर पूरी नजर होनी चाहिए। परिचर्चा में भाग लेते हुए त्रिभुवन सिंह ने कहा कि इसकी शुरुआत अपने परिवार से ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम स्वयं नशे से दूर हैं, तभी हम अपने बच्चों तथा अन्य लोगों को इनसे दूर रहने के लिए प्ररेणा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग श्रम अधिक करते थे, परंतु अब लोग श्रम नहीं करना चाहते और ज्यादा से ज्यादा समय टीवी के साथ चिपके रहते हैं। किशोर शर्मा ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी यह भी है कि जिन परिवारों में पति व पत्नी दोनों कार्य करते हैं, ऐसी परिस्थितियों में उनके बच्चे अधिकतर समय अकेले रहते हैं। उन्होंने कहा कि कई अभिभावक अपने बच्चों पर जरूरत से अधिक विश्वास करते हैं और उनकी गतिविधियों पर बारीक अध्ययन नहीं करते। इस अवसर पर विभाग के विनोद कुमार सहित अन्य लोगों अनिल डोगरा, राजेंद्र शर्मा, संदीप अवस्थी, अरविंद डोगरा, विजय सोनी, प्रदीप शर्मा, सन्नी मेहरा, राजकुमार राजू, राजेश्वर सिंह परिहार, संदीप रैणा ने भी परिचर्चा में भाग लिया तथा अपने सुझाव रखे। अंत में ब्रिलियंट क्लब के अध्यक्ष अरविंद डोगरा तथा विभाग के पुष्पिंद्र ठाकुर ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/hamirpur-news/%e0%a4%a8%e0%a5%8c%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%8f%e0%a4%82-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%95/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews