भरमौर में थमेगी रावी की सांय-सांय


होली — जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत होली घाटी के गुलेई गांव के पास हो रहे भू-स्खलन के चलते रावी नदी का प्रवाह मुड़ गया है, जिसके चलते अब रावी नदी का प्रवाह रुकने की भी आशंका बन गई है। गांव के ठीक निचली तरफ स्थित पहाड़ी से लगातार भू-स्खलन हो रहा है। बताया जा रहा है कि अब तक दर्जनों पेड़ भू-स्खलन की जद में आकर रावी नदी में समा चुके हैं। लिहाजा अगर यहां पर भू-स्खलन का दौर जारी रहता है तो गांव का अस्तित्व भी मिट सकता है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सांह के गुलेई गांव के पास पिछले दो वर्षों से लगातार भू-स्खलन हो रहा है। ताजा हालातों के मुताबिक बुधवार को भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा गिरने के चलते रावी रुख नदी के लेफ्ट बैंक की ओर हो गया है, जिसके चलते साथ लगती भूमि का हिस्सा पानी की चपेट में आ गया है। ग्रामीणों की मानें तो लगातार हो रहे भू-स्खलन के कारण रात काटने भी मुश्किल हो गई है। उनका कहना है कि हाल ही में हुई ताजा बारिश और बर्फबारी के चलते स्थिति ओर भी गंभीर हो गई है और भू-स्खलन का क्रम भी जोरों पर है, जिसके चलते गांव में रह रहे चालीस से अधिक परिवारों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा समय में भी पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है और नदी का प्रवाह भी दूसरे किनारे की ओर हो गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी ‘दिव्य हिमाचल’ ने गुलेई गांव की निचली ओर हो रहा भू-स्खलन के बाबत समाचार प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। उस दौरान नायब तहसीलदार होली ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने की बात कही थी। उधर, ताजा हालातों के मद्देनजर अगर भू-स्खलन का दौर जारी रहता है तो रावी नदी का प्रवाह भी रुक सकता है। गत माह जनजातीय क्षेत्र भरमौर में लूणा पुल के देवी मंदिर के पास भी भारी भू-स्खलन होने के चलते करीब तीन घंटे तक रावी नदी का प्रवाह रुक गया था। इससे पूर्व वर्ष 2003 में उपतहसील मुख्यालय होली के नजदीकी जब्बल गांव के पास पहाड़ी के दरकने से उस दौरान बीस घंटो तक रावी नदी का प्रवाह रुका था। बहरहाल अब गुलेई गांव के पास लगातार पहाड़ी से हो रहे भू-स्खलन से रावी नदी का प्रवाह फिर सेरुकने का खतरा पैदा हो गया है। उधर, उपायुक्त चंबा संदीप कदम का कहना है कि मीडिया के माध्यम से ही भू-स्खलन के बाबत जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए जाएंगे।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ad%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a5%8c%e0%a4%b0-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a5%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a5%80-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b5%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a4%be/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews