भाजयुमो ने बयानबाजी पर घेरे विधायक


आनी — भाजयुमो मंडल आनी ने विधायक खूब राम के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने निरमंड में खोली आईटीआई को पूर्व विधायक किशोरी लाल द्वारा बंद करके इसे व्यक्ति विशेष को सौंपने का प्रयास कर व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने की बात कही है। भाजयुमो अध्यक्ष कृष्ण ठाकुर ने इस संबंध में प्रेस को जारी एक लिखित बयान में कहा है कि कांग्रेस विधायक खूब राम की यह टिप्पणी तथ्य से परे हैं, वे ऐसी झूठी बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। कृष्ण ठाकुर का कहना है कि पूर्व विधायक किशोरी लाल के प्रयासों से ही आनी के दलाश व निरमंड में सरकारी आईटीआई खुली हैं, जिसका क्षेत्र के युवाओं को भरपूर लाभ मिल रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि पूर्व विधायक ने निरमंड की आईटीआई को कभी भी बंद करने की बात नहीं कही, बल्कि इस संस्थान को उन्नत करने के लिए बार-बार विभाग को पत्र लिखे और संस्थान के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत करवाएं। कृष्ण ठाकुर ने कहा कि विधायक खूब राम दूसरों पर छींटाकशी करने के बजाय क्षेत्र विकास की ओर ध्यान दें। आनी में बीडीओ व डीएसपी सहित अन्य कई महत्त्वपूर्ण पद रिक्त पड़े हैं, जिनको भरने के प्रति विधायक जरा भी चिंतित नहीं। कृष्ण ठाकुर का कहना है कि विधायक खूबराम एक ओर तो पूर्व विधायक पर निरमंड की आईटीआई को बंद करवाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वयं पूर्व भाजपा सरकार द्वारा बड़े प्रयासों के बाद नित्थर में खोली उप-तहसील को बंद करने की बात कर रहे हैं। भाजयुमो अध्यक्ष कृष्ण ठाकुर का कहना है कि रामपुर क्षेत्र के कांग्रेसी लोग रामपुर को जिला बनाने की बार-बार मांग उठा रहे हैं, मगर विधायक खूब राम इस बारे में कोई भी आवाज नहीं उठा रहे हैं। कृष्ण ठाकुर का कहना है कि पूर्व भाजपा सरकार में जितना विकास आनी विधानसभा क्षेत्र का हुआ है, उतना कांग्रेस ने पिछले 40 सालों में भी नहीं किया है। उनका कहना है कि सर्दियों में आनी-कुल्लू वाया जलोड़ी जोत मार्ग भारी बर्फबारी के कारण यातायात के लिए अवरुद्ध हो जाता है, जिसके विकल्प के लिए पूर्व विधायक ने जलोड़ी जोत के नीचे टनल बनाने का खनाग से घियागी के मध्य की सड़क पर टीन की छत लगाने का प्रयास कई बार किया और इसकी प्रस्तावना भी पूर्व प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजी, मगर केंद्र ने उस पर कोई भी गौर नहीं किया, जिससे यह कार्य सफल नहीं हो सका, मगर अब जब प्रदेश में भी कांग्रेस का शासन है, तो आनी के वर्तमान विधायक खूब राम जलोड़ी जोत की समस्या को लेकर जरा भी गंभीर नहीं। कृष्ण ठाकुर ने कहा कि विधायक खूबराम भाजपा नेताओं पर छींटाकशी करने के बजाय विधानसभा क्षेत्र के विकास की ओर ध्यान दें।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a5%81%e0%a4%ae%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%98%e0%a5%87/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews