एनएच -22 पर चट्टानें गिरने से पांच घंटे जाम

भावानगर — भारी बर्फबारी से त्रस्त जिला किन्नौर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बर्फबारी का क्रम थम तो गया है, लेकिन अब चट्टानें खिसकने से यहां के ग्रामीण दहशत में हैं। ऐसा ही एक हादसा मंगलवार को निगुलसरी के समीप हुआ। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक भावानगर उपमंडल के अंतर्गत निगुलसरी के समीप चट्टानें खिसकने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच घंटे बाधित रहा। सुबह 11 बजे अचानक निगुलसरी में क्रांपे जगह पर चट्टानें खिसक गईं। जिस कारण बड़ी-बड़ी चट्टानें सीधे एनएच-22 पर आ गिरीं। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन क्रांपे जगह में चार घरों में रह रहे परिवार को एतिहातन घरों से पंचायत घर के लिए शिफ्ट किया गया है। इसमें गुरुदासी, श्याम, रविराज, ज्ञान सागर, प्रेम सागर, लोबजंग, देवज्ञानी शामिल हैं। इस हादसे की सूचना मिलते ही भावनगर उपमंडल के तहसीलदार पीके गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत कार्य को अंजाम देते हुए सबसे पहले चट्टानें खिसकने वाली जगह से ग्रामीणों को दूर जाने की सलाह दी। साथ ही चार परिवार को तुरंत घर खाली करने के आदेश दिए। श्री गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से यहां पर चट्टानें खिसक रही हैं। उससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण चट्टानें खिसक रही हैं। जिस जगह पर ये चट्टानें खिसकी हैं वहां पर तरंडा सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण सड़क का कार्य बंद पड़ा है। इस भू-स्खलन के कारण एनएच-22 के नीचे की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एनएच-22 को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। परिणाम स्वरूप पांच घंटे के बाद एनएच-22 को बहाल कर दिया गया। मौके पर पहुंचे पटवरी वीरेंद्र नेगी ने कहा कि उन्होंने यहां पर हुए भू-स्खलन से हुए नुकसान का जायजा ले लिया है। जिस भी ग्रामीण का नुकसान हुआ है, उसका पूरा बयौरा तैयार कर प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। श्री नेगी ने कहा कि इस हादसे में चार परिवार के घरों को असुरक्षित घोषित किया गया है, जिन्हें पंचायत घर में शरण दी गई हैं। चट्टानें खिसकने से घरों को नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन एतिहातन परिवार के सदस्यों को शिफ्ट किया गया है। भावानगर के तहसीलदार पीके गुप्ता ने कहा कि एनएच-22 चट्टानें खिसकने के कारण बंद रहा है, जिसे शाम को खोल दिया गया है।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kinnaur-news/%e0%a4%8f%e0%a4%a8%e0%a4%8f%e0%a4%9a-22-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%9a%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%97%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a5%87/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews