इलेट्रानिक मीडिया पर रोजाना टीवी डिबेट्स होते हैं। इन डिबेट्स की भाषा, मंशा को लेकर कई लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रदेश के अग्रणी मीडिया हाउस ‘दिव्य हिमाचल’ ने टीवी डिबेट्स को लेकर लोगों की राय जानने का प्रयास किया। कई लोगों ने इन डिबेट्स पर अपनी अलग-अलग राय व्यक्त की। शिमला में हमारी नगर संवाददाता मोनिका बंसल ने कई लोगों से बात की । पेश है वार्ता के मुख्य अंश…(एचडीएम)
राजनीति से छिप रहा असली मुद्दा
इस बारे में रविंद्र अवस्थी ने कहा कि आज के दौर में हर कोई पढ़ा लिखा है। सभी को सही और गलत की जानकारी रहती है। लेकिन मीडिया जिस तरह से आज के दौर में रोल निभा रही है। वह काफी सोचने वाला है, चूंकि आज के दौर में कुछ एक मीडिया चैनल पूरी तरह से राजनीति करती कर रहें हैं, जिससे असल मुद्दा छिप
जाता है।
मीडिया सकारात्मक रूप में काम करे
वहीं, विशाल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ की भूमिका मीडिया निभाती है। ऐसे में मीडिया सराहनीय काम कर रहा है। लेकिन जिस तरह से डिबेट की जाती है, उससे सकारात्मकता फैलाई जानी चाहिए। डिबेट होना जरूरी भी है, चूंकि इससे दोनों पक्षों के पक्ष सामने रखे जाते हैं। लेकिन मीडिया टीआरपी के लिए कई बार सही मुद्दे और निष्पक्षता नहीं दिखा पाती।
दूरदर्शन से चलाया जा रहा काम
दिलदार सिंह का कहना है कि मीडिया लोगों तक कई बार सही जानकारी नहीं पहुंचा पाता, साथ ही निष्पक्ष भी नहीं रह पाता है। ऐसे में आम जनता से जुड़े हुए मुद्दे पर भी कई बार सही सटीक जानकारी नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि कई बार डिवेट में भाग लेने वालों की ओर से अच्छी भाषा का भी प्रयोग नहीं किया जाता है। उन्होेंने कहा कि वे सही जानकारी के लिए दूरदर्शन देखना पसंद करते हैं।
टीआरपी पर दिया जा रहा ज्यादा ध्यान
पीयूष चौधरी का कहना है कि आज के दौर में अलग-अलग न्यूज चैनल में एक ही मुद्दे को बार-बार दिखाया जाता है। इसके साथ ही जो आम लोगों से जुड़े मुद्दे होते है, उन्हें उजागर करने के बजाय चैनल अपनी टीआरपी को ज्यादा महत्त्व देता है। इसके अलावा जो डिबेट चलाई जाती है, उसमें भी अधिकतर राजनीति ही दिखाई देती है।
लोगों से जुड़े मुद्दे दिखाए मीडिया
वहीं, भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि डिबेट होना जरूरी है, इससे समाज के कई पक्षों को सामने रखा जाता है। लोगों से जुड़े मुद्दे डिबेट में किए जाए, तो अच्छा रहता है। लेकिन कई बार ऐसा नहीं होता, डिबेट आम लोगों से हट कर राजनीति से जुड़ी हुई होती हैं। उन्होंने कहा कि वे सोशल मीडिया के अलावा न्यूजपेपर और कुछ एक चुनिंदा चैनल को देखना पसंद करते हैं।
The post टीआरपी के चक्कर में मुद्दों से भटक रहे टीवी डिबेट्स appeared first on Divya Himachal.
Post a Comment