Saturday, February 2, 2019

केरल की विशेषज्ञता का लाभ उठाएगा हिमाचल

 शिमला —हिमाचल प्रदेश को भारत सरकार के कार्यक्रम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ (ईबीएसबी) के तहत केरल के साथ जोड़ा गया है, क्योंकि दोनों राज्यों में कई समानताएं जैसे सर्वोत्तम साक्षरता दर, अच्छे सामाजिक संकेतक, पर्यटन, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आयुर्वेद आदि हैं। प्रधान सचिव शिक्षा केके पंत ने यह बात शुक्रवार को यहां ईबीएसबी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में विभिन्न हितधारक विभागों के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। श्री पंत ने कहा कि केरल एक बड़ा राज्य है और सभी क्षेत्रों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तथा हमारे अधिकारी, छात्र और अन्य संबंधित व्यक्ति केरल राज्य से कई चीजें सीख सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईबीएसबी के तहत सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संबंधों को मजबूत करना, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना तथा छात्रों के एक्सपोजर विजिट का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम के तहत 10 लाख रुपए प्रदान किए हैं, जिसमें से 5.50 लाख रुपए हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प और हथकरघा निगम को प्रदान किए गए हैं। उन्होंने हैंडलूम निगम को केरल में विभिन्न हस्तशिल्प जैसे कि पहाड़ी मूर्तिकला, कांगड़ा और थंका चित्रकला, चंबा रुमाल आदि को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रदर्शनी लगाने को भी कहा। आयुर्वेद विभाग को 4.50 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं और विभाग को अपने अधिकारियों, कर्मचारियों और निजी प्रोमोटरों को केरल में आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा में सर्वश्रेष्ठ अभ्यास सीखने के लिए भेजना चाहिए। शिक्षा सचिव ने कहा कि 45 सदस्यों वाली केरल की एक सांस्कृतिक मंडली ने हिमाचल में डा. वाईएस परमार बागबानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, गेयटी थियेटर शिमला और दाड़लाघाट  का दौरा किया था, जिस पर भाषा कला और संस्कृति विभाग द्वारा दो लाख रुपए खर्च किए गए। राज्य परियोजना निदेशक सर्वशिक्षा अभियान एवं राज्य नोडल अधिकारी ईबीएसबी आशीष कोहली ने कहा कि यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत केरल के 50 युवाओं ने हिमाचल का दौरा किया और हमारे राज्य के 50 युवा केरल गए। प्रदेश के 96 मेधावी छात्रों, 72 शिक्षकों और 36-36 एनसीसी और एनएसएस छात्रों को इस वर्ष केरल भेजा जाएगा। बैठक में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प और हथकरघा निगम, भाषा कला और संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश कला और भाषा अकादमी, आयुर्वेद, पर्यटन, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। राज्य परियोजना अधिकारी रेणु ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

The post केरल की विशेषज्ञता का लाभ उठाएगा हिमाचल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/02/%e0%a4%95%e0%a5%87%e0%a4%b0%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%b6%e0%a5%87%e0%a4%b7%e0%a4%9c%e0%a5%8d%e0%a4%9e%e0%a4%a4%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%ad/

No comments:

Post a Comment