Thursday, October 25, 2018

बाढ़ग्रस्त जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यमंत्री की सौगात 

प्रभावित परिवारों को बीपीएल की दर पर उपलब्ध करवाया जाएगा छह माह का राशन

शिमला – बाढ़ प्रभावित ट्राइबल एरिया में जयराम सरकार छह माह का राशन बीपीएल की दर पर उपलब्ध करवाएगी। सितंबर माह की मूसलाधार बारिश के चलते लाहुल-स्पीति, पांगी तथा भरमौर में भारी तबाही हुई है। इस कारण किसानों की फसल बर्बाद हो गई है और सड़क मार्ग टूट गए हैं। इसके चलते जयराम सरकार ने इन क्षेत्रों के हजारों परिवारों के लिए सस्ता राशन देने का बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर आपदा ग्रस्त जनजातीय क्षेत्रों में प्रभावित किसानों को छह माह का राशन दिया जाएगा। इसके लिए बीपीएल की दरें लागू होंगी। इस फैसले के आधार पर दस हजार के करीब परिवारों को मार्च 2018 तक सस्ती खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। जाहिर है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चंबा जिला के जनजातीय क्षेत्र पांगी का खुद दौरा कर लौटे हैं। इसके अलावा उन्होंने लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन से संबंधित क्षेत्र की नुकसान की रिपोर्ट ली है। इस आधार पर कहा गया है कि सितंबर माह में हुई भयंकर बारिश के कारण लाहुल-स्पीति जिला की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। इस कारण जनजातीय जिला में किसानों की दयनीय हालत हो गई है। पांगी पहुंचे मुख्यमंत्री ने पाया है कि उपमंडल की आधा दर्जन पंचायतों में फसल पूरी तरह तबाह हो गई है। इसी आधार पर भरमौर उपमंडल की कुछ पंचायतों की फसल तहस-नहस हुई है। इसके चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्य सचिव को वस्तुस्थिति का पता लगाकर प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पुख्ता सूचना के अनुसार इस आधार पर मंगलवार को मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक कर इसका खाका तैयार किया है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन से ताजा रिपोर्ट मांगी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग को भी बारिश से हुई तबाही के आंकड़े देने के लिए कहा गया है। इस तमाम औपचारिकता के बाद राज्य सरकार के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में छह माह का राशन बीपीएल की दर पर उपलब्ध करवाने को कहा गया है। बताते चलें कि जनजातीय क्षेत्र लाहुल-स्पीति, पांगी तथा भरमौर का संपर्क कई दिनों तक शेष दुनिया से कटा रहा था। अब भी चंबा जिला के होली का संपर्क बड़े वाहनों के लिए शुरू नहीं हो पाया है। होली के समीप त्यारी पुल के दोनों ओर पूरी घाटी भू-स्खलन की चपेट में आ गई है। इसके चलते आधा किलोमीटर सड़क मार्ग खिसककर रावी नदी में समा गया है। कुछ समय के लिए इस सड़क मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोला जा रहा है। त्यारी पुल के समीप पटोला गांव पूरी तरह से खतरे की जद में है। इस कारण होली घाटी एक दर्जन पंचायतों के लोगों का जनजीवन अब भी बुरी तरह प्रभावित है। कमोबेश यही स्थिति पांगी घाटी के किलाड़ उपमंडल की कुछ पंचायतों में बनी है। मनाली-लेह मार्ग पर यातायात बाधित रहने के कारण जनजातीय क्षेत्र लाहुल-स्पीति भी बरसात के सदमे से नहीं उभर पाया है। जिला को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी टूटे हैं। इन तमाम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रभावित क्षेत्र के किसानों को सस्ती दरों पर राशन देने का निर्णय लिया है।

The post बाढ़ग्रस्त जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यमंत्री की सौगात  appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%a2%e0%a4%bc%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%a4-%e0%a4%9c%e0%a4%a8%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%a4%e0%a5%80%e0%a4%af-%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a5%87%e0%a4%a4/

No comments:

Post a Comment