Show your support

Saturday, January 13, 2018

1912 पर दें बिजली से संबंधित शिकायत

शिमला – प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड द्वारा पब्लिक इंटरेक्शन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन विद्युत मंडल सुन्नी के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुन्नी में किया गया। इस अवसर पर बोर्ड लिमिटेड के उपनिदेशक (लोक संपर्क) अनुराग पराशर ने कहा कि उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से भी अपना विद्युत बिल जमा करवा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को पहले प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड की वेबसाइट पर लॉगऑन करना होगा। यहां पर रजिस्ट्रेशन या बिना रजिस्ट्रेशन विद्युत बिलों की अदायगी हो सकती है। उन्होंने कहा कि विद्युत से संबंधित कोई भी शिकायत हो तो विद्युत उपभोक्ता विद्युत उपमंडल में संपर्क कर सकते हैं या निःशुल्क फोन नंबर सेवा 1800-180-8060 या 1912 पर भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विद्युत संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विद्युत तारों के नीचे घर का निर्माण नहीं करना चाहिए और न ही विद्युत खंभों से तार जोड़कर कपड़े सुखाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि विद्युत खंभों के साथ पशुओं को नहीं बांधना चाहिए और न ही घटिया स्तर के विद्युत उपकरण खरीदने चाहिएं। विद्युत उपभोक्ताओं को हर प्रकार की सूचना पहुंचाने का कार्य विद्युत नियामक आयोग के निर्देशानुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड द्वारा सेवा प्रदान करने के लिए अधिकतम समय सीमा, अनुपालन मापदंडों और अरोप्य क्षतिपूर्ति की सूचना के लिए प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड की वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी दी गई है। इस अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ईं. पुनीत ने संस्थान में इस तरह की जागरूकता बैठक के आयोजन के लिए स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संस्थान के विद्यार्थियों सहित आम जनमानस को विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकारों और कर्त्तव्यों की जानकारी प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों को विद्युत से संबंधित तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी। इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) मुनीश कुमार और कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) होशियार सिंह सहित प्रशिक्षण संस्थान के सभी अध्यापक व विद्यार्थी भी उपस्थित थे।


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment