मिशन रिपीट धूमल ने करवाया डिलीट


सरकाघाट, चंयाणी, बलद्वाड़ा — मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार की संस्कृति पैदा की। पूर्व सरकार के शासनकाल में प्रदेश में बड़े स्तर पर बेनामी सौदे हुए, जबकि शिक्षण संस्थानों के नाम पर लोगों की बेशकीमती जमीनों तक को बिकवाया। यहां तक कि हिमाचल की बिजली परियोजनाओं को भी बाहरी लोगों को बेचा। रविवार को गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के रखोटा व बलद्वाड़ा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल में बदले की भावना कूट-कूटकर भरी है, जिसके चलते उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस नेताओं सहित उन पर झूठे मुकद्मे बनाए। यहां तक कि प्रदेश में पुलिस राज कायम कर दिया। प्रदेश के पुलिस प्रमुख उनके उप मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे। पूर्व सीएम ने कभी भी हिमाचल को अपना नहीं समझा। उनका सारा रुझान तो केवल पंजाब की तरफ रहा है। उन्होंने चुटकी ली कि जिस क्षेत्र का वह खुद को बताते हैं, उस क्षेत्र की भाषा तक उन्हें नहीं आती। पूर्व भाजपा शासनकाल में कर्मचारियों और अधिकारियों को डराया-धमकाया गया तथा सरकारी संस्थानों का खुलकर दुरुपयोग किया गया। धूमल ने जो प्रदेश में मिशन रिपीट का नारा दिया था, उसको उन्होंने खुद ही डिलीट कर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा शासनकाल में बंद किए गए सभी स्कूलों को बहाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे पूर्व में यहां के लोकप्रिय नेता रंगीलाराम राव के साथ की गई गलती को न दोहराएं। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि रंगीलाराम के हारने से उन्हें व्यक्तिगत नुकसान हुआ है और यदि वह जीते होते तो प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री होते। फिर भी वह इस क्षेत्र में विकास की कमी नहीं होने देेंगे। इससे पूर्व रखोटा के प्रधान रुद्रमणि शर्मा, पूर्व प्रधान ओम चंद, गोपालपुर के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। युवा कांग्र्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का विशाल फूलों का हार पहनाकर स्वागत किया।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%b6%e0%a4%a8-%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%9f-%e0%a4%a7%e0%a5%82%e0%a4%ae%e0%a4%b2-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%be/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews