पद्धर —पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष के शासनकाल ने देश को खोखला करके रख दिया है। देश के अंदर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। केंद्र की यूपीए सरकार के शासनकाल में जहां आम आदमी के आत्मविश्वास को गहरा धक्का लगा है, वहीं देश के सैनिकों के आत्मविश्वास व सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुवार को दं्रग विधानसभा के पद्धर और टांडू में चुनावी जनसभाओं के दौरान कही। उन्होंने इस अवसर पर जयराम ठाकुर के पक्ष में लोगों से मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश व प्रदेश दोनों की गुनहगार है। जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा भी यह सरकार नहीं कर पा रही है और 2014 से पहले इस सरकार का गिरना तय है। प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस बयान ‘धूमल मुझे चैन से जीने नहीं दे रहे हैं’ के ऊपर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके चैन के खोने का कारण वह नहीं बल्कि वीरभद्र सिंह द्वारा किए गए और किए जा रहे बुरे काम हैं। उन्होंने वीरभद्र सिंह से प्रश्न पूछते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता यह जानना चाह रही है कि उन्हें केंद्रीय मंत्री पद से त्यादपत्र क्यों देना पड़ गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ की गई वादाखिलाफी उन्हें उनके बुरे कर्मों की याद दिला रही है। श्री धूमल ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश की जनता की गुनहगार है। कांग्रेस सरकार की नालायकी की वजह से हिमाचल का औद्योगिक पैकेज छीन लिया गया था, जिसकी वजह से लाखों युवकों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा था। प्रो. धूमल ने कहा कि 27 जून को परिणाम आने के पश्चात इस सरकार का जाना तय है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/2014-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%97%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%a4%e0%a4%af/
Post a Comment