बाबा हरदेव सिंह की झलक को टूटी भीड़


नादौन — वीर भूमि नादौन में निरंकारी मिशन के प्रादेशिक समागम का शानदार आगाज हो गया है। भव्य शोभायात्रा के साथ दो दिन चलने वाले इस समागम का शुभारंभ हुआ। निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के दर्शन को नादौन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ऐतिहासिक नगरी नादौन में हजारों लोग पहुंच गए हैं। नादौन में शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। संत निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के नादौन पधारने की खुशी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न परिधानों में सजे अनुयायियों ने शानदार अंदाज में निकाली झांकी के दौरान बाबा का आशीर्वाद लिया। इंद्रपाल चौक से दो किलोमीटर दूर मझीण चौक तक हजारों की संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। मझीण चौक के समीप बनाए गए पंडाल में बाबा हरदेव सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ विराजमान हुए, जिनके दर्शन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे-जैसे शोभायात्रा उनके नजदीक पहुंची, विभिन्न क्षेत्रों के निरंकारी मंडल से जुड़े सदस्यों ने बाबा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कुछ देर उनके समक्ष अपने-अपने क्षेत्र के नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे भड़ोली क्षेत्र भक्तिमय हो गया। भजनों और गुरुवाणी से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह कैंटीन, लंगर और अन्य इंतजाम अनुयायियों के लिए किए गए हैं। शनिवार शाम बाबा हरदेव सिंह प्रवचन करेंगे, जबकि रविवार को दिनभर संत समागम का दौर चलेगा। समागम में शरीक होने के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार सहित हिमाचल के कोने-कोने से लोग यहां पहुंचे हुए हैं। संत निरंकारी मिशन के मीडिया प्रभारी कृपा सागर ने कहा कि समागम में हजारों लोग शरीक हुए हैं। पूरी व्यवस्था के लिए निरंकारी मिशन का सेवादल दिन रात डटा हुआ है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/hamirpur-news/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%b9%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a5%87%e0%a4%b5-%e0%a4%b8%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%b9-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%9d%e0%a4%b2%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%9f/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews