नाहन में एचआरटीसी कर्मचारी आगबबूला


नाहन — परिवहन निगम कर्मचारियों का संघर्ष रुकने का नाम नहीं ले रहा है। निगम कर्मियों ने बुधवार को निगम व सरकार के खिलाफ खूब गुबार निकाला। संयुक्त परिवहन कर्मचारी संघ नाहन द्वारा जिला मुख्यालय में हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के महासचिव कन्हैया लाल की अध्यक्षता में गेट मीटिंग के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस अवसर पर उपस्थित परिवहन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कन्हैया लाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा 12 फरवरी, 2013 को दिए गए मांगपत्र को स्वीकृत किए जाने के बावजूद अभी तक लागू नहीं किया गया है, जिसमें निगम के हित व कर्मचारियों के हितों के मुद्दे उठाए गए थे। इसमें मुख्य पंजाब की तर्ज पर सभी वर्गों में ग्रेड-पे लागू करना, 48 घंटे की ड्यूटी के आदेश रद्द करना, अनुबंध कर्मचारियों को औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के प्रावधान के अनुसार 240 दिन की सेवा के बाद नियमित करना प्रमुख है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि निगम सरकार के खिलाफ प्रत्येक क्षेत्र में 22 अप्रैल तक गेट मीटिंग के द्वारा रोष प्रदर्शन किया जाएगा तथा 23 अप्रैल को सभी क्षेत्र के कर्मचारियों द्वारा प्रदेश मुख्यालय शिमला में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला के लगभग 80 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिसमें सुखराम ठाकुर, मदन लाल, रतन सिंह, प्रेम चंद, राजेंद्र सैणी, मदन, जय किशन, रामकुमार, रामलाल, जमील खान व फारुख आदि उपस्थित रहे।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b9%e0%a4%a8-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%8f%e0%a4%9a%e0%a4%86%e0%a4%b0%e0%a4%9f%e0%a5%80%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ae%e0%a4%9a%e0%a4%be/


Post a Comment

Latest
Total Pageviews