ठंडी हवाएं… बारिश… सेब पर संकट


रामपुर बुशहर — सेब की फसल पर मौसम के बिगड़े मिजाज ने संकट खड़ा कर दिया है। खासकर लोअर बैल्ट के बागबानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। जिस तरह से अप्रैल माह में मौसम के बदले तेवर से ठंड बढ़ गई है, उससे सेब की फसल चौपट होने के आसार बन गए हैं। बुधवार को फिर से मौसम ने करवट ली और दिन भर ठंडी हवाओं के साथ बारिश होती रही। ऐसे में सेब के बागीचों में हाल ही में हुई सेटिंग पर असर पड़ना तय है। बागबानी विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अगर सेब की सेटिंग पर ठंड पड़ती है तो सेब की फसल पर सीधा असर पड़ता है। यही वह समय होता है, जब बागीचों को पूरी तरह से अनुकूल मौसम की जरूरत होती है, लेकिन इस बार मौसम आंख मिचौनी खेलता आ रहा है। ऐसे में बागबानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।खासकर लोअर बैल्ट के बागबान इस बदले मौसम से खासे प्रभावित होंगे, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में अभी सेब की फसल की सेटिंग शुरू नहीं हो पाई है। यही कारण है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अपना प्रतिकूल प्रभाव नहीं डालेगा, जिस तरह का मौसम बना हुआ है, उससे ठंड बढ़ने के साथ-साथ ओलावृष्टि होने के काफी आसार रहते हैं। गत सप्ताह भी रामपुर की दो पंचायतों में ओलावृष्टि ने सेब की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया था। बागबानी विभाग के अनुसार यह सेब की फसल का दूसरा चरण होता है। अगर इस चरण में सेब की फसल ने अनुकूल असर डाला तो आगे चलकर सेब की अच्छी फसल होना तय माना जा सकता है। इससे पहले प्रथम चरण सेब के बागीचों में परागण क्रिया का रहता है। अगर परागण क्रिया सही रहती है तो सेब के पेड़ो में अच्छे फूल खिलते हैं। यही फूल धीरे-धीरे सेट होते हैं। इस बीच मौसम का अनुकूल होना काफी जरूरी होता है। इस बार लोअर बैल्ट में इसी दौरान मौसम काफी खराब रहा। रही सही कसर बुधवार को बिगड़े मौसम ने पूरी कर दी है। इसी तरह से मौसम ठंडा बना रहा तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सेब की फसल प्रभावित हो सकती है। मौसम के बिगड़े मिजाज के आगे बागबान पूरी तरह से असहाय होते हैं। उनके पास केवल दुआ के और कोई रास्ता नहीं रहता।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%a0%e0%a4%82%e0%a4%a1%e0%a5%80-%e0%a4%b9%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%8f%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%b6-%e0%a4%b8%e0%a5%87%e0%a4%ac-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%b8%e0%a4%82/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews