रंगोली में रंगीला ग्रुप चैंपियन

मंडी — अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में रंगीला ग्रुप चैंपियन रहा है तथा रस्साकशी प्रतियोगिता में सुंदरनगर का शीतला माता महिला मंडल चैंपियन बना है। बीते तीन वर्षों से रस्साकशी प्रतियोगिता के चैंपियन कोटतुंगल महिला मंडल को फाइनल में पराजित कर शीतला माता महिला मंडल सुंदरनगर ने उनके वर्चस्व को तोड़ दिया है। रविवार को महिला मंडलों के रस्साकशी मुकाबले के फाइनल को देखने के लिए हजारों लोग मौजूद रहे। फाइनल में पहुंचे दोनों महिला मंडल की प्रतिभागी महिलाएं पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरीं। पहले राउंड में शीतला महिला मंडल की टीम ने जीत हासिल की। इसके बाद तुंगल कोट की टीम ने वापसी करते हुए अगले राउंड में जीत हासिल कर एक-एक से बराबरी कर ली। इसके बाद फाइनल राउंड में खलल पड़ गया। थोड़े अंतराल के बाद दोबारा फाइनल राउंड शुरू किया गया तो शीतला महिला मंडल की टीम की प्रतिभागियों ने पूरा दमखम लगा कर जीत हासिल कर ली। इस तरह शीतला महिला मंडल ने जीत हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रस्साकशी प्रतियोगिता में जिला भर से अठारह महिला मंडल की टीमों ने शिरकत की। रस्साकशी प्रतियोगिता की विजेता टीम को पल्लवी गुप्ता ने ट्राफी के साथ 5100 रुपए नकद पुरस्कार के रूप में प्रदान किए। उपविजेता रहने वाली कोट तुंगल की टीम को 4100 रुपए के पुरस्कार समेत ट्राफी प्रदान की गई। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का पहला पुरस्कार होमगार्ड की कंपनी कमांडर सावित्री को मिला। बल्ह क्षेत्र के टिक्कर गांव की रहने वाली महिला अंजलि शर्मा को दूसरा स्थान हासिल हुआ। तीसरे स्थान पर कोट तुंगल क्षेत्र की भिंतरा देवी रही। रंगोली प्रतियोगिता के विजेता रंगीला ग्रुप को 5100 रुपए के रूप में पहला स्थान मिला। दूसरे नंबर पर रहने वाले मीनाक्षी ग्रुप को 3100 रुपए तथा तीसरे नंबर पर रहने वाले होमगार्ड ग्रुप को 2100 रुपए का इनाम दिया गया। शिवरात्रि महोत्सव में चौदह साल बाद शुरू हुए फुटबाल मुकाबले की विजेता टीम ग्रीन लैंड साक र को भी ग्यारह हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%b0%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b0%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%80%e0%a4%b2%e0%a4%be-%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%81%e0%a4%aa-%e0%a4%9a/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews