34.50 लाख से संवरेगा कांगड़ा

कांगड़ा — नगर परिषद कांगड़ा में सड़कों, गलियों की मरम्मत व नगर में फैले कचरे को साफ करने आम जनमानस के बैठने के लिए बैंच स्थापित करने के लिए 34.50 लाख रुपए व्यय करने का खाका तैयार किया गया है। इसके लिए सोमवार को नगर परिषद कांगड़ा द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी केएल ठाकुर ने बताया कि कांगड़ा नगर की सड़कों की मरम्मत करने के लिए 18 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तहसील चौक से लेकर नेहरू चौक तक सड़क की मरम्मत के लिए 9.90 लाख रुपए, नैहरू चौक से लेकर डंूगा बाजार तक सड़क की मरम्मत के लिए 7.76 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। वार्ड नंबर चार की गली की मरम्मत के लिए 2.87 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। वार्ड नंबर चार में ही शौचालय व सेफ्टिक टैंक के निर्माण के लिए 1.03 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। नगर परिषद कार्यालय के ऊपर पहली मंजिल पर कमरे के निर्माण के लिए 4.75 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए नौ वार्डाें में कूड़ादान स्थापित किए जाएंगे, जिन पर 2.25 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कूड़ादान स्थापित करने के बाद जो कोई भी सड़क पर गंदगी फैलाता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कांगड़ा में खाली जगह पर सड़कों व गलियों में किनारे पर लोगों के बैठने के लिए बैंच लगवाए जाएंगे, जिस पर 1.50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर परिषद कार्यालय की मरम्मत व शौचालय की मरम्मत पर 2.25 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त टंडन क्लब कांगड़ा में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण पर 2.15 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इन कार्यों को अमलीजामा पहनाए जाने के लिए कार्य ठेकेदारों को आबंटित कर दिए गए हैं व अगले तीन माह में इन कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/34-50-%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%96-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%b5%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%be/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews