शिमला में आज से कबड्डी मुकाबले

हिमाचल को मिला मेजबानी का मौका, मुख्यमंत्री करेंगे टूर्नामेंट का शुभारंभ

शिमला – शिमला में आज से अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले 15 से 19 नवंबर तक खेले जाएंगे। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश सचिवालय खेल नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से उक्त प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबले कोटशेरा कालेज शिमला में खेले जाएंगे। सचिव सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डा. आरएन बत्ता, जो हिमाचल प्रदेश सचिवालय खेल नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ उप प्रधान भी हैं, उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए गठित विभिन्न कमेटियों के नोडल अधिकारियों और नियंत्रण बोर्ड के पदाधिकारियों की टीमें गठित कर दी गई हैं। बीते बुधवार को कमेटियों ने  बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और उनके साथ प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण भी किया। हिमाचल प्रदेश को अखिल भारतीय प्रसाशनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी पहली बार मिली है। पहाड़ी प्रदेश के लिए उक्त प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है। इससे पहले उक्त प्रतियोगिता का आयोजन महाराष्ट्र में हुआ था।

प्रतियोगिता में 33 टीमें ले रही हैं भाग

अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता में महिला पुरुष वर्ग में 33 टीमें भाग ले रही हैं। नियंत्रण बोर्ड के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रीय खेल बोर्डों की 22 पुरुष व 11 महिला टीमें भाग ले रही हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश को अखिल भारतीय प्रसाशनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी पहली बार मिली है। पहाड़ी प्रदेश के लिए उक्त प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है। इससे पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन महाराष्ट्र में हुआ था।

The post शिमला में आज से कबड्डी मुकाबले appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal

Post a Comment