नए कांग्रेस अध्यक्ष के लिए वीरभद्र-आनंद में सहमति की चर्चा
शिमला -कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष को बदले जाने की चर्चा के बीच संगठन से एक नया नाम प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए सामने आया है। सूत्रों के अनुसार इस नाम पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के बीच भी सहमति लगभग बन चुकी है। कांग्रेस पार्टी में इस तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है और इन चर्चाआें में प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए कुलदीप सिंह राठौर का नाम सामने आया है। कुलदीप सिंह राठौर शिमला जिला से संबंध रखते हैं और एनएसयूआई व युवा कांग्रेस में अध्यक्ष पद संभाल चुके हैं। लंबे समय तक संगठन में काम करने का उनको अनुभव तो है ही, साथ ही वह आनंद शर्मा के सबसे खास लोगों में शुमार हैं। वह संगठन में लंबे समय तक महासचिव भी रहे हैं और पीसीसी के भी यहां सदस्य हैं। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अगले कुछ दिनों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बदलाव करने की सोच रहे हैं और माना जा रहा है कि 13 अक्तूबर तक नए नाम की घोषणा हो जाएगी। सुखविंद्र सिंह सुक्खू को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में कोई ओहदा दिए जाने की चर्चा है। बता दें कि कांग्रेस यहां संगठन में जातीय समीकरण बनाने की सोच रही है, साथ ही उसे भौगोलिक संतुलन भी कायम करना होगा। पार्टी में सीएलपी का नेता ब्राह्मण है और उसे राजपूत नेता चाहिए। वहीं संगठन में शिमला जिला को महत्त्व नहीं मिला है, जबकि यहां पर राजपूतों की संख्या ज्यादा है। वैसे कई और नाम भी प्रदेशाध्यक्ष के लिए पार्टी के सामने हैं, परंतु राहुल गांधी की सोच यह है कि चुनाव लड़ चुके लोगों को संगठन में ओहदा न देकर उस व्यक्ति को मौका दिया जाए, जो हमेशा संगठन के लिए ही काम करता रहा हो। ऐसे नेताओं की भी पार्टी में कमी नहीं है, जिस पर लगातार चर्चा हो रही है। इन्हीं चर्चाओं में कुलदीप राठौर का नाम मजबूती के साथ आगे आया है। वीरभद्र सिंह और आनंद शर्मा के बीच इस मामले को लेकर चर्चा हो चुकी है। वीरभद्र सिंह पहले से कह रहे हैं कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू को उनके पद से हटाया जाए, लिहाजा आनंद शर्मा के साथ उनका सामंजस्य बना बताया जाता है। सुक्खू को बतौर पार्टी अध्यक्ष छह साल का समय हो चुका है और उनका कार्यकाल पहले ही पूरा हो चुका है। वह एक्सटेंशन पर चल रहे हैं और अब कभी भी उनको इस पद से हटाए जाने के आदेश दिल्ली से आ सकते हैं। 13 अक्तूबर या इसके बाद नए प्रदेशाध्यक्ष पर फैसला हो जाएगा, यह तय माना जा रहा है।
The post सुक्खू की जगह लेंगे राठौर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b8%e0%a5%81%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%96%e0%a5%82-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%9c%e0%a4%97%e0%a4%b9-%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%a0%e0%a5%8c%e0%a4%b0/
Post a Comment