Friday, October 26, 2018

लाहुल का सेब ट्रिपल रेट पर खरीदेगी सरकार

शिमला – जयराम सरकार लाहुल-स्पीति का सेब निर्धारित समर्थन मूल्य के मुकाबले तीन गुना दामों पर खरीदेगी। जनजातीय क्षेत्र में बर्फबारी से हुए नुकसान के चलते बागबानों को राहत देने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इसके अलावा बारिश प्रभावित लाहुल स्पीति और पांगी में पशुओं का चारा बाहर से लाने पर भाड़ा सरकार चुकाएगी। इस व्यवस्था के तहत किसान निचले क्षेत्रों से चारा खरीद कर ट्राइबल एरिया में ले जा सकेंगे। इस सूरत में ट्रांसपोर्टेशन का खर्चा जयराम सरकार देगी। जाहिर है कि सितंबर की बरसात और बर्फबारी के कारण लाहुल स्पीति, पांगी और भरमौर में फसलों और सेबों को भारी तबाही हुई है। इसके चलते जयराम सरकार ने लाहुल स्पीति के बागबानों से सेब 20 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदने का बड़ा निर्णय लिया है। हिमाचल सरकार ने सेब का समर्थन मूल्य साढ़े सात रुपए प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। आपदा तथा फसल के तबाह होने पर बागबानों से राज्य सरकार इन्हीं दरों पर सेब उठाती है। इसके विपरीत लाहुल स्पीति के बागबानों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने करीब तीन गुना दरों पर सेब खरीदने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की रिपोर्टों के अनुसार बारिश और बर्फबारी से ट्राइबल एरिया में फसलों को भारी क्षति हुई है। इस कारण सर्दियों के मौसम में पशुचारे का संकट भी गहरा गया है। लिहाजा मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि फसल प्रभावित जनजातीय क्षेत्र में किसानोंं को पशुचारे की ढुलाई पर सबसिडी प्रदान की जाए। इसके लिए किसान जिला प्रशासन की अनुमति से निचले क्षेत्रों से भी पशु चारा खरीद सकते हैं। इस आधार पर ट्रांसपोर्टर को पशुचारे का भाड़ा सरकार देगी। जाहिर है कि प्रदेश सरकार ने ट्राइबल एरिया पांगी तथा लाहुल स्पीति में फसल प्रभावित किसानों को छह माह तक का राशन बीपीएल की दरों पर देने का भी निर्णय लिया है। इस फैसले के आधार पर अब ट्राइबल एरिया में बरसात की भरपाई के लिए किसानों और बागबानों के जख्मों पर जयराम सरकार ने मरहम लगाया है।

भरमौर और किन्नौर राहत सूची से बाहर

बारिश से हुए फसलों के नुकसान पर भरमौर तथा किन्नौर को फिलहाल लाभार्थियों की सूची से बाहर रखा गया है। अंतिम रिपोर्ट में कहा गया है कि जनजातीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नुकसान लाहुल स्पीति तथा पांगी घाटी में हुआ है। इस कारण छह माह के राशन, चारे पर सबसिडी और सेब खरीद पर राहत का लाभ लाहुल-स्पीति और चंबा जिला के पांगी उपमंडल को ही मिलेगा।

The post लाहुल का सेब ट्रिपल रेट पर खरीदेगी सरकार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%b9%e0%a5%81%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%b8%e0%a5%87%e0%a4%ac-%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%aa%e0%a4%b2-%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%9f-%e0%a4%aa%e0%a4%b0/

No comments:

Post a Comment