आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान देश के काम आया बृजेश
बंगाणा -वतन पर जान न्योछावर करने वालों की कड़ी में हिमाचल के एक और जांबाज का नाम जुड़ गया है। जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल के ननावीं गांव के वीर सैनिक बृजेश कुमार पुत्र धर्म चंद शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के सोपोर में आंतकवादियों के साथ चली मुठभेड़ में शहीद हो गए। शुक्रवार तड़के 3.30 बजे से आतंकवादियों के साथ जारी मुठभेड़ के दौरान बृजेश गे्रनेड की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान वह देश के काम आ गए। शनिवार को एक तरफ करवाचौथ मनाई जा रही होगी, वहीं दूसरी तरफ ननावीं गांव के वीर सपूत शहीद बृजेश कुमार पार्थिव शरीर उसके घर पहुंचेगा। ब्रजेश का जन्म उसके गांव ननावीं में 1985 में हुआ था। उन्होंने दसवीं राजकीय वरिष्ठ पाठशाला धुंदला से की ओर 12वीं में पढ़ते हुए ऊना रैली भर्ती में 2003 में पंजाब रेजिमेंट में भर्ती हो गए। वर्तमान में वह नायक पद पर सेवाएं दे रहे थे। उनकी ट्रेनिंग रामगड़ रांची में हुई, जिसके बाद उन्होंने 16 वर्ष सेना बीकानेर, श्रीनगर राष्ट्रीय रायफल, ग्लेशियर, अमृतसर और साउथ अफ्रीका में सेवाएं दीं। उन्होंने पीटीआई का कोर्स भी किया था, जिसके चलते वह रामगढ़ मे आर्मी में ट्रेनर उस्ताद पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। पिछले दो वर्ष से फिर वह श्रीनगर में राष्ट्रीय रायफल में अपनी सेवाएं नायक पद पर दे रहे थे। उनकी शादी 2009 में श्वेता शर्मा गांव अमरेहड़ा से हुई थी। उनकी छह वर्ष की बेटी कनिका शर्मा भी है,जो पहली कक्षा में पढ़ती है। पत्नी श्वेता शर्मा दो माह से गर्भवती हैं। इससे बृजेश से उनके बड़े भाई मुकेश व पिता भी दुनिया छोड़ चुके हैं। उनके परिवार मे माता दलूंवी देवी व बड़ा भाई विपिन व भाभी हैं। परिवार में उनके चाचा कै.गुरदास शर्मा व उनके दोनों बेटे भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। बंगाणा के उपमंडलाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। ऐसे में हम शहीद के परिवार के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं। देश पर जान न्योछावर करने वाले वीर सैनिक शहीद बृजेश कुमार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शहीद बृजेश कुमार की शहादत को नमन करते हुए पीडि़त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बृजेश शहादत पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बृजेश कुमार ने देश की एकता, अखंडता व सुरक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया है। उनका यह बलिदान देश व प्रदेश के लोगों द्वारा हमेशा याद किया जाएगा। राज्य के लोग इस दुख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर
श्रीनगर — सोपोर में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि बारामूला में सोपोर के पाजलपोरा डांगीवाचा में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया था। इस अभियान में दो आतंकी मारे गए। मुठभेड़ में घायल हिमाचल के जवान बृजेश कुमार ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
The post सोपोर में बंगाणा का जवान शहीद appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b8%e0%a5%8b%e0%a4%aa%e0%a5%8b%e0%a4%b0-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%be%e0%a4%a3%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%9c%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%a8-%e0%a4%b6/
Post a Comment