Tuesday, October 23, 2018

बार हेडेड गूज़ की पहली पसंद पौंग

आधी रात हिमालय लांघ कर पहुंचते हैं पक्षी, इस बार ५० हजार की उम्मीद 

हमीरपुर – विदेशी प्रजाति के पक्षी बार हेडेड गूज की पहली पसंद पौंग झील बनी है। शीतकालीन सत्र में विश्व भर में सबसे ज्यादा इस प्रजाति के पक्षी हिमाचल पहुंचते हैं। तीस हजार फीट तक की ऊंचाई पर उड़ने वाले ये पक्षी आधी रात को हिमालय क्रॉस कर हिमाचल पहुंचते है। पौंग लेक पहुंचने वाली इस प्रजाति का आंकड़ा साल दर साल बढ़ रहा है। इस बार भी करीब 50 हजार पक्षी इस प्रजाति के पहुंचने की उम्मीद है। इस पक्षी ने पौंग झील का रुख कर लिया है। नवंबर तक हजारों पक्षी इस प्रजाति के पौंग झील पहुंच जाएंगे। यहां इसके संरक्षण के लिए वाइल्ड लाइफ विभाग तत्पर हो गया है। पिछले साल पहुंची इस प्रजाति पर विभाग ने कॉलर लगाए हैं। चैक किया जाएगा कि कॉलर लगे कितने पक्षी दोबारा झील पर पहुंचे हैं। पूरी तरह से शाकाहारी ये पक्षी झील किनारे उगी घास खाने के लिए ही पौंग झील में पहुंचते हैं। बार हैडेड गूज हजारों किलोमीटर का सफर तय कर सेंटर एशियन फ्लाई-वे से होकर हिमाचल में प्रवेश करता है। चीन, मंगोलिया, साइबीरिया व तिब्बत देशों में यह प्रजाति पाई जाती है। अक्तूबर की शुरुआत में ही इन सभी देशों में बर्फ पड़ गई है। इस वजह से भोजन इस प्रजाति के लिए लगभग समाप्त हो चुका है। पूरी तरह शाकाहारी ये पक्षी सिर्फ घास पर निर्भर हैं। पानी वाली जगह उगी घास को ही यह अपना भोजन बनाते हैं। यही कारण है कि इन देशों के बर्फ  से लकदक होने के बाद यह भारत का रुख करते है। इंडिया में कई झीलों पर ये पक्षी अपना डेरा डाल देते हैं। डीएफओ कृष्ण कुमार का कहना है कि भारत वर्ष में सबसे पहले इस प्रजाति के पक्षी पौंग झील पहुंचते हैं। पौंग झील में इनका संरक्षण करना वन्य प्राणी विभाग की जिम्मेदारी है। नवंबर से वन्य प्राणी विभाग इनकी पूरी तरह से निगरानी शुरू कर देगा।

विश्व की सबसे ऊंची उड़ान

विदेशों से भारत आने वाली यह प्रजाति रात के समय हिमालय पार करती है। शून्य डिग्री तापमान में 30 हजार फीट की ऊंचाई से हिमाचल पार की जाती है। माना जाता है कि इस पक्षी के फेफड़े आकार में बड़े होते हैं। इस कारण यह शून्य डिग्री तापमान में भी सबसे ऊंची उड़ान भर सकता है। विश्व में सबसे ऊंची उड़ान भरने का तमगा भी इस प्रजाति को ही हासिल है। वहीं यह पक्षी दिन में हिमाचल क्रॉस नहीं करता। रात के शांत वातावरण में इसे उड़ानें भरने में आसानी रहती है।

The post बार हेडेड गूज़ की पहली पसंद पौंग appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%b9%e0%a5%87%e0%a4%a1%e0%a5%87%e0%a4%a1-%e0%a4%97%e0%a5%82%e0%a5%9b-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%a6/

No comments:

Post a Comment